अगौता ब्लाक के लोहिया समग्र गांव पवसरा में विकास कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे मेरठ कमिश्नर आलोक सिन्हा के सामने शिकायतों का अंबार लग गया। ग्रामीणों ने बिजलीघर के जेई पर विद्युत कनेक्शन स्वीकृत कराने के नाम पर वसूली का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। शिकायत पर भड़के कमिश्नर ने एक्सईएन को फटकार लगाते हुए जेई के खिलाफ जांच बैठा दी है।
बता दें कि बुधवार दोपहर कमिश्नर आलोक सिन्हा विकास कार्यों की समीक्षा करने के लिये गांव पवसरा स्थित जनसेवक इंटर कालेज में पहुंचे। ग्रामीणों ने पवसरा बिजलीघर के जेई गोपीचंद पर कनेक्शन स्वीकृत कराने के नाम पर वसूली का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि कनेक्शन स्वीकृति के नाम पर तीन हजार रुपये लेने के बाद मात्र 1500 रुपये की रशीद दी गई थी।
गांव में लगे 142 विद्युत पोलों में आज तक सप्लाई नहीं है। लाइन शिफ्टिंग के नाम पर वसूली की जाती है। वसूली की शिकायत पर कमिश्नर भड़क गये और उन्होंने एक्सईएन को फटकार लगाते हुए जेई से स्वीकृत कनेक्शनों की सूची मांगी, लेकिन जेई सूची नहीं दिखा सके। पूरे प्रकरण में कमिश्नर ने जेई पर जांच बैठा दी है। ग्रामीणों ने पीएचसी पर चिकित्सक और दवाईयां न होने का आरोप लगाया। सीएमओ ने चिकित्सक की तैनाती की बात कहकर पीएचसी के जीर्णोद्धार के लिये ग्रामीणों को आश्वासन देकर संतुष्ट किया। इससे पूर्व उन्होंने पौध रोपण किया।