सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक
शिकारपुर। उद्योग व्यापार मंडल के सदस्यों ने कोतवाली निरीक्षक ऋषिपाल शर्मा से मुलाकात की और बाजार में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर बाजार खुलने के समय रोक लगाने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि खुले बाजार में बड़े वाहनों की नो एंट्री का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की कि वह बड़े वाहनों को शाम 5 बजे के बाद ही बाजार में प्रवेश करवाएं। ताकि बाजार में जाम की समस्या पैदा न हो।
एसएचओ ऋषिपाल शर्मा ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण करने वाले अपना सामान दुकानों में रखें, अन्यथा सामान जब्त किया जाएगा। दुकानदारों द्वारा दुकान के सामने ठेले खड़ा करने वालों से 200-300 रुपये प्रतिदिन वसूली की जाती है। इससे सड़क पर जाम की समस्या बनी रहती है। जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से पालिका प्रशासन, पुलिस और व्यापारी नेताओं ने मिलकर बाजार खुलने के दौरान बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इस दौरान पुरुषोत्तम वार्ष्णेय, वीरेंद्र कुमार गर्ग, संजीव तौमर, मनोज कुमार, दीपक मित्तल आदि उपस्थित रहे।