संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर/शिकारपुर/डिबाई/अनूपशहर/अहार/जहांगीराबाद/औरंगाबाद। दो दिन तक लगातार हुई झमाझम बारिश से जिलेभर में जनजीवन प्रभावित है। मौसम विभाग ने दो दिन में जिले में 122 एमएम बारिश दर्ज की है। कई जगह जर्जर इमारत और दीवारें भी ढह गईं। हालांकि, किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। जगह-जगह जलभराव की समस्या भी खड़ी हो गई। सड़कें तालाब जैसे नजर आने लगीं। खराब मौसम की वजह से जिले में शनिवार को कक्षा आठ तक के स्कूलों को बंद रखा गया।
शुक्रवार की सुबह से बारिश शुरू हुई थी, जो शनिवार को सुबह 11 बजे तक जारी रही। नगर क्षेत्र में कालाआम, कलक्ट्रेट, मोहल्ला साठा, अंसारी रोड बाजार, बूरा बाजार अस्पताल रोड, टीचर कॉलोनी, देवीपुरा, बीसा कालोनी, राधानगर, यमुनापुरम, सूर्यनगर और अनूपशहर बस अड्डा क्षेत्र के मोहल्लों में जलभराव हो गया। इन इलाकों में सड़कें तालाब बन गईं, इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जहांगीराबाद, शिकारपुर, डिबाई, औरंगाबाद, अहार, ऊंचागांव, स्याना, अनूपशहर समेत जिले के अन्य हिस्सों में भी झमाझम बारिश से कई जगह जलभराव का सामना करना पड़ा। नाले-नालियां चोक होने से सिल्ट और गंदा पानी सड़कों के साथ घरों के अंदर तक पहुंच गया। खेत-खलिहान भी पानी से लबालब हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. विवेकराज का कहना है कि इस बारिश से दलहन समेत सब्जी की फसलों को नुकसान हो सकता है। इन दो दिनों में इस सीजन की सबसे अधिक बारिश हुई है। अभी आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चांदपुर रोड अंडरपास में भरा पानी
लगातार हुई बारिश के चलते नगर के चांदपुर रोड स्थित रेलवे लाइन के अंडरपास में पानी भर गया है। इस अंडरपास से रोजाना हजारों वाहनों का आवागमन रहता है। यहां से गुजरने के दौरान पानी भरने से कई छोटे वाहन बंद हो गए। पैदल जाने वालों को रेलवे लाइन को पारकर जाना पड़ा। शनिवार शाम तक पानी भरा था और इसे निकालने के लिए किसी तरह की प्रशासनिक पहल नहीं हुई। अंडरपास के आसपास के इलाकों में रह रहे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आयुर्वेदिक चिकित्सालय का खाली भवन ढहा
लगातार हो रही बारिश से नरसेना में पुराने आयुर्वेदिक चिकित्सालय की खाली इमारत भरभराकर गिर गई। इससे गांव का रास्ता अवरुद्ध हो गया। स्याना क्षेत्र के गांव वैराफिरोजपुर में पुराना बंद पड़ा एक मकान भी ढह गया। मलबे की चपेट में आकर पड़ोसी सुभाष त्यागी की भैंस घायल हो गई। उन्होंने बताया कि लाखों रुपये के कृषि उपकरण भी दब गए। एसडीएम देवेंद्रपाल सिंह ने बताया कि मकान गिरने की सूचना पर संबंधित लेखपाल को जांच के लिए भेजा गया है। शिकारपुर में अनाज मंडी के सामने भी एक दीवार गिर गई। चोला क्षेत्र के गांव रसूलपुर रिठौरी में एक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में परिवार के लोग बाल-बाल बच गए।