बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में दूसरी मेरिट को लेकर शुक्रवार से पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई। इस दौरान सर्वर डाउन की समस्या बनी रही। वहीं, जिले में सबसे अधिक बीए में प्रवेश हुए हैं। अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश को लेकर मारामारी कम है। अब दो अगस्त को आने वाली मेरिट के लिए छात्र पंजीकरण करा सकेंगे।
जिले के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए व बीसीए आदि कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से पिछले दिनों जारी हुई पहली मेरिट में पहले दिन से ही बीए में प्रवेश को लेकर मारामारी रही। चार दिन में सर्वाधिक प्रवेश बीए कक्षा में हुए हैं। जबकि अन्य कक्षाओं में प्रवेश को लेकर इतनी मारामारी नहीं रही। अब प्रवेश से वंचित छात्र-छात्राएं दूसरी मेरिट आने का इंतजार करने लगे हैं। इसके लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। 28 हजार सीटों में से अभी भी जिले में 21 हजार के करीब सीट खाली चल रही हैं। जो छात्र प्रवेश से वंचित रह गए हैं वह पंजीकरण करा लें। पहले दिन समय-समय पर सर्वर डाउन की समस्या बनी रहने से कुछ ही छात्र पंजीकरण करा सके।
दो अगस्त को दूसरी मेरिट जारी होगी। इससे पूर्व प्रवेश से वंचित छात्र-छात्राएं अपना पंजीकरण करा लें। मेरिट जारी होने पर उसी के अनुसार खाली सीटों पर प्रवेश होगा। - डॉ. अरविंद कुमार, प्राचार्य आईपी कॉलेज