बुलंदशहर। थाना खुर्जा देहात व जहांगीराबाद क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों की शादी हो रही थी। इसका पता चलते ही जिला बाल संरक्षण समिति की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस की मदद से बाल विवाह रुकवाए। इसके बाद दोनों लड़कियों की काउंसलिंग की। परिजनों से बालिग होने पर शादी करने का शपथपत्र लेकर लड़कियों को घर भेज दिया गया।
जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष डॉ. रेनू बंसल ने बताया कि सूचना मिली कि थाना खुर्जा देहात व थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के दो नाबालिग लड़कियों की शादी कराई जा रही है। थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव में समिति की टीम उप निरीक्षक प्रमोद कुमार, कांस्टेबल राहुल यादव के साथ पहुंची। यहां पर लड़की के जन्म से संबंधित दस्तावेज की जांच की गई तो वह नाबालिग पाई गई। समिति की टीम ने शादी को रुकवाया और लड़की व उसके परिजनों को लेकर समिति के कार्यालय लेकर पहुंची। इसी तरह समिति की टीम ने थाना जहांगीराबाद में भी नाबालिग लड़की का बाल विवाह रुकवाया। यहां से भी नाबालिग और उसके परिजनों को समिति की टीम कार्यालय लेकर पहुंची। जहां पर सदस्य कुसुम शर्मा व जय प्रकाश शर्मा द्वारा दोनों नाबालिग लड़कियों की काउंसलिंग की गई। साथ ही उनके परिजनों को बाल विवाह न करने व लड़कियों को पढ़ाई के लिए प्रेरित किया गया। परिजनों से समिति ने शपथ पत्र प्राप्त किए कि अब वह अपनी पुत्री का विवाह बालिग होने पर ही करेंगे। इसके बाद दोनों नाबालिग लड़कियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।