बुलंदशहर। नगर के डीएम रोड स्थित डायट की एक प्रशिक्षु छात्रा अपने प्रेमी से खफा होकर आत्महत्या करने के लिए वलीपुरा स्थित गंग नहर पर पहुंच गई। आत्महत्या करने से पहले छात्रा ने अपने दोस्तों को फोन पर जानकारी दी तो उसके दोस्त मौके पर पहुंचे और उसे समझाकर वापस कालेज ले गए। प्राचार्य ने मामले में जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बना दी है। साथ ही छात्रा के परिजनों को अवगत कराते हुए डायट बुलाया है।
जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में एक छात्रा पढ़ती है। सोमवार को वह घर से डायट में पहुंची और कुछ समय बाद वहां से निकलकर गंग नहर पर पहुंच गई। छात्रा ने नहर पर पहुंचकर अपने दोस्तों को बताया कि उसके प्रेमी ने उसे धोखा दिया है। इसके चलते वह आत्महत्या करने के लिए वलीपुरा स्थित नहर पर पहुंच गई है। छात्रा के फोन के बाद उसके मित्र वलीपुरा स्थित नहर पर पहुंचे तो छात्रा आत्महत्या करने के लिए खड़ी थी। इसके बाद दोस्तों ने छात्रा को समझाया और उसे वापस लेकर डायट आए। छात्रा को समझाने के दौरान उसके किसी दोस्त ने वीडियो बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। पूरे मामले को डायट प्राचार्य व अन्य प्रवक्ताओं ने दबाने का प्रयास किया, लेकिन मंगलवार को पूरा मामला खुला तो तत्काल डायट प्राचार्य ने वीडियो में दिखाई दे रहे प्रशिक्षुओं को बुलाया। इसके बाद छात्रा द्वारा आत्महत्या के लिए कदम उठाने का खुलासा हुआ। प्राचार्य ने मामले में जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई है, जो जांच रिपोर्ट प्राचार्य को सौंपेगी।
चौकीदार को जारी किया नोटिस
डायट में सुबह आने के बाद प्रशिक्षु बाहर भी चले जाते हैं, जिन पर कोई रोक नहीं होती है। डायट प्राचार्य ने पूरे मामले में चौकीदार को भी नोटिस दिया है। चौकीदार से जवाब मांगा है कि छात्रा किस तरह बाहर निकली। जिस वक्त छात्रा डायट से निकली तो उसे किसी ने रोका क्यों नहीं।
पूरा मामला मेरे संज्ञान में है। जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बना दी है। छात्रा के परिजनों को बुलाया है। वीडियो बनाकर डालने वाले पर भी कार्रवाई होगी। चौकीदार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांग लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।- विमलेश विजयश्री, प्राचार्य डायट