26, 402 अंत्योदय कार्डधारक पाएंगे मुफ्त इलाज
बुलंदशहर। प्रदेश सरकार अब अंत्योदय कार्डधारक परिवारों को भी मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ देगी। इसके तहत जिले के 26, 402 अंत्योदय कार्ड धारक परिवार पांच लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज करा सकेंगे।
मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से इन सभी को जोड़ने की पहल शुरू की जा रही है। अभी तक बीपीएल परिवारों को आयुष्मान कार्ड योजना के तहत अस्पतालों में निशुल्क इलाज मिल रहा है। अब योगी सरकार ने इस दर्द को समझते हुए कैबिनेट में अंत्योदय राशन कार्डधारक परिवारों को भी मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत शामिल किए जाने का प्रस्ताव रखा था। कैबिनेट की मंजूरी मिल गई। जिसके बाद जिले में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि अंत्योदय कार्ड धारक परिवारों के सदस्यों की संख्या एक लाख से अधिक है। सरकार ने इन सभी को आयुष्मान योजना के तहत लाभान्वित करने का निर्णय लिया है। आदेश मिलने पर अंत्योदय राशन कार्ड धारकों की सूची स्वास्थ्य विभाग को सौंप दी जाएगी। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इससे संबंधित आदेश आते ही अंत्योदय राशन कार्ड धारकों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।