अस्पताल में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 17 लाख ठगे
बुलंदशहर। सहारनपुर के एक व्यक्ति ने लखनऊ सचिवालय एवं स्वास्थ्य मंत्री से अच्छे संबंध होने का दावा करते हुए सरकारी अस्पताल में नौकरी लगवाने का झांसा देकर कई युवकों से 17 लाख रुपये ठग लिए। नौकरी न लगने पर पीड़ितों ने रुपये वापस मांगे तो उन्हें धमकी दी गई। नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली में एसपी क्राइम के आदेश पर पीड़ित मोहम्मद शहजाद, मोहम्मद बिलाल, महजबी, मोहल्ला बिलाल, मोहम्मद निशात, अम्मार अहमद, जर्रार अहमद, मोहम्मद फैजान आदि ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि करीब ढाई साल पहले सहारनपुर की नगर कोतवाली की इंदिरा कॉलोनी निवासी आरोपी जिआउलहक ने लखनऊ सचिवालय और स्वास्थ्य मंत्री से जान-पहचान होने का दावा करते हुए सरकारी अस्पताल में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। नौकरी लगवाने के नाम पर प्रत्येक शख्स से पांच लाख रुपये की मांग की। पीड़ित के अनुसार, सात आवेदकों द्वारा नौकरी के नाम पर आरोपी को कुल 14 लाख रुपये दे दिए गए, जबकि शेष रकम नौकरी के बाद देना तय हुआ। इसके बाद आरोपी जिआउलहक रुपये लेकर चला गया, किंतु उसके बाद वापस नहीं आया। फोन करने पर आरोपी उन्हें लगातार आश्वासन देता रहा। अब रुपये वापस मांगने पर धमकी दी जा रही दे रहा है। नगर कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी जिआउलहक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।