क्रेडिट कार्ड बंद कराने के नाम पर हजारों की ठगी
बुलंदशहर। एक युवक को क्रेडिट कार्ड बंद कराने का झांसा देकर हजारों रुपये की ठगी कर ली गई। युवक नेे क्रेडिट कार्ड बंद कराने के लिए अनुरोध किया था, जिसके बाद ठग द्वारा उसके मोबाइल पर कॉल कर ठगी की घटना को अंजाम दिया गया। देहात पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी क्राइम के आदेश पर कोतवाली देहात में दर्ज कराई रिपोर्ट में गांव जसनावली खुर्द धमैड़ा कीरत निवासी मनोज कुमार पुत्र हुकम सिंह ने बताया कि करीब पांच माह पहले उसने एसबीआई कालाआम बुलंदशहर पहुंचकर अपना क्रेडिट कार्ड बंद कराने का अनुरोध किया था। बैंक अधिकारी ने उसे आश्वासन देकर टाल दिया। बीते दिनों उसके मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें फोन करने वाले ने खुद को एसबीआई से अधिकारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड बंद कराने के बारे में पूछा। इसके बाद आरोपी ने उससे क्रेडिट कार्ड नंबर पूछ लिया और मेसेज भेजकर ओटीपी के बारे में जानकारी ले ली। इसके बाद आरोपी द्वारा उसके खाते से 20,611 रुपये निकाल लिए गए। कोतवाली देहात प्रभारी अरुणा राय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साइबर टीम की मदद से आरोपी ठग का पता लगाने की कार्रवाई की जा रही है।