कोविड जांच टीम के बिना सूना पड़ा रोडवेज बस अड्डा।
- फोटो : BULANDSHAHR
फोकस सैंपलिंग : कहीं भी जांच करते नहीं नजर आई टीम
बुलंदशहर। कोरोना के नए स्वरूप को लेकर शासन ने 15 दिसंबर से दोबारा फोकस सैंपलिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। लेकिन बुधवार को पहले दिन किसी भी स्थान पर कोविड जांच करती हुई टीम नजर नहीं आई। जबकि पहले दिन चालक, परिचालक और यात्रियों की कोविड जांच की जानी थी।
कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शासन द्वारा 15 दिसंबर से दोबारा फोकस सैंपलिंग अभियान शुरू कर जिले में बाहर से आने वालों के सैंपल लेकर जांच करने के निर्देश दिए। बुधवार को पहले दिन टेंपू, रिक्शा, बस के चालक-परिचालक के अलावा यात्रियों की कोविड जांच की जानी थी, जिससे संबंधित नागरिक को शहर, गांव या मोहल्ले में दाखिल होने से पूर्व स्वास्थ्य का परीक्षण हो सके। लेकिन स्वास्थ्य विभाग शासन के निर्देश को लेकर संजीदा नहीं है। जिम्मेदार अफसरों द्वारा बरती जा रही लापरवाही आने वाले दिनों में भारी पड़ सकती है। बुधवार को नगर के रोडवेज बस अड्डे पर यात्री दिल्ली और अन्य राज्यों से आते रहे। लेकिन रोडवेज अड्डे पर कोई भी टीम कोविड जांच करती नजर नहीं आई। वहीं, यात्री बिना रोकटोक के अन्य राज्यों को भी रवाना होते रहे। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि जिले में शासन के निर्देश पर फोकस सैंपलिंग अभियान शुरू कर दिया है। टीमों को सैंपल लेने के लिए सूची के आधार पर भेजा गया है।