दबंगों ने पुलिसकर्मियों से की हाथापाई, किया फायर
स्याना। नगर के बुलंदशहर अड्डे के निकट स्थित शराब की दुकान के पास बृहस्पतिवार देर शाम कुछ दबंग लोग एक युवक को पीट रहे थे। इस दौरान वहां पहुंचे दो पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपी दबंगों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की और फायर झोंक दिया। इसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। हालांकि, पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बुलंदशहर स्टैंड स्थित शराब की दुकान के निकट कुछ दबंगों के द्वारा एक युवक से मारपीट की जा रही थी। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। झगड़े की सूचना पर हेड कांस्टेबल साहब सिंह, कांस्टेबल धीर सिंह, होमगार्ड आकाश के साथ मौके पर पहुंचे तो तीन युवक हाथों में तमंचा लेकर एक युवक को पीट रहे थे। पुलिस टीम के पहुंचते ही उक्त युवक आरोपियों के चंगुल से छूटकर भाग गया। आरोप है कि विरोध करने पर झगड़ा कर रहे तीनों युवकों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने इस दौरान अवैध असलहे से फायर भी किया। फायरिंग में कांस्टेबल धीर सिंह बाल-बाल बचे। हालांकि हाथापाई में हेड कांस्टेबल साहब सिंह मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों की शिनाख्त शेखर, मनीष और सुनील के रूप में हुई है।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी तीनों युवक तमंचा लेकर एक युवक को पीट रहे थे। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए आरोपी शेखर, मनीष और सुनील ने मारपीट की। तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।