बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, लाठी-डंडों से पीटा
बुलंदशहर। नगर कोतवाली के मोहल्ला धमैड़ा अड्डा में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। कर्मचारी को सड़क पर गिराकर लाठी-डंडों से पीटा गया जबकि बाकी ने भागकर जान बचाई। अवर अभियंता ने तीन नामजद समेत छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।एक भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं आया है।
देवीपुरा द्वितीय बिजलीघर के अवर अभियंता अमित कुमार ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार शाम को उन्होंने बिजली चोरी की चेकिंग के लिए टीजीटू कासिम, सलमान, राजकुमार, ईश्वरचंद को धमैड़ा अड्डा भेजा था। तभी एक गली से अचानक लाठी-डंडे लेकर पांच-छह लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। हमलावारों ने लाइनमैन सलमान को सड़क पर गिराकर पीटा। साथ ही सलमान का मोबाइल भी तोड़ दिया। कर्मचारियों ने वहां से भागकर जान बचाई। कर्मचारियों ने हमलावरों की शिनाख्त लवकुश, रोबिन, गजेंद्र के रूप में की है। तीन अन्य की पहचान नहीं हो सकी। नगर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। तीन अन्य आरोपियों की भी शिनाख्त भी नही हो सकी है। बिजलीकर्मियों से मारपीट के कई मामले हाल के दिनों में सामने आ चुके हैं। देहात कोतवाली गांव नीमखेड़ा में बिजलीकर्मी से मारपीट की गई थी।
तमाशबीन बने रहे लोग
बिजली कर्मचारियों ने बताया कि जब उन पर हमला किया गया तब वहां मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। किसी ने भी आरोपियों का विरोध करने का प्रयास नही किया। बिजलीघर पर पहुंचकर उन्होंने पुलिस व अपने अफसरों को मामले की सूचना दी। शनिवार को मामले में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
जल्द होगी गिरफ्तारी
मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। अज्ञात आरोपियों की भी जल्द ही शिनाख्त कर ली जाएगी। नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है, जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी
दर्ज कराई है एफआईआर
बिजली चोरी की चेकिंग करने के लिए टीम धमैड़ा अड्डा क्षेत्र में गई थी ।जहां उनके साथ मारपीट की गई। तीन नामजद समेत छ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
अभिषेक कुमार, अधिशासी अभियंता, विद्युत निगम