गुलावठी। थाना क्षेत्र के गांव चिड़ावक के निकट रजवाहे में गाजियाबाद निवासी रोहित का शव शुक्रवार देर शाम सड़ी-गली अवस्था में मिला। मृतक की जेब से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ, जिसमें कर्ज और लोन के कारण आत्महत्या करने का जिक्र है। हालांकि परिजन व रिश्तेदारों ने युवक की हत्या कर शव नहर में फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस आत्महत्या मानकर चल रही है।
गांव चिड़ावक के निकट रजवाहे में एक युवक का शव शुक्रवार देर शाम पड़ा मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में गाजियाबाद निवासी सुनील कुमार ने युवक की शिनाख्त अपने भाई रोहित के रूप में की। रोहित कुमार (32) निवासी बी ब्लॉक विजय नगर सिद्धार्थ विहार क्राॅसिंग रिपब्लिक आठ जनवरी से लापता था। गाजियाबाद के रिपब्लिक क्रॉसिंग थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी।
रोहित का शव काफी फूल गया था, जिसे देख आशंका जताई जा रही है कि उसकी कई दिन पूर्व पानी में डूबने से मौत हुई है। पुलिस का कहना है कि उसके कपड़ों से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है, जिसमें आत्महत्या किए जाने का जिक्र है। सुसाइड नोट में लिखा है कि उस पर कई लोगों का कर्ज है और लोन भी चल रहा है। व्यापार में काफी घाटा हुआ है। जिसके कारण वह डिप्रेशन में आ गया और गाजियाबाद स्थित नहर में कूदकर आत्महत्या का कदम उठाया है। सुसाइड नोट पिन्नी की कई परतों में था, जिससे वह भीगा नहीं। वहीं रोहित के एक रिश्तेदार संजू व अन्य परिजनों ने रोहित की हत्या कर शव को नहर में फेंके जाने का आरोप कुछ लोगों पर लगाया है।
मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। गाजियाबाद में ही मृतक की गुमशुदगी दर्ज है। गाजियाबाद पुलिस ही मामले में अग्रिम कार्रवाई करेगी। - पूर्णिमा सिंह, सीओ सिकंदराबाद