संवाद न्यूज एजेंसी
शिकारपुर। खेतों पर घूमने गए एक किसान पर सांड़ ने हमला कर दिया। परिजन गंभीर हालत में किसान को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसान के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
क्षेत्र के गांव चीखल निवासी 65 वर्षीय किसान सत्यप्रकाश बुधवार सुबह अपने खेतों पर घूमने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि खेतों के पास दो-तीन सांड़ घूम रहे थे। जब सत्यप्रकाश ने सांड़ों को भगाने का प्रयास किया तो एक सांड़ ने उस पर हमला कर दिया। सांड़ के हमले से सत्यप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से गुजर रहे लोगों ने पीड़ित परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन सत्यप्रकाश को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे किसान को मृत घोषित कर दिया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराते हुए परिजनों को सौंप दिया। समाचार लिखे जाने तक मामले में पीड़ित परिजनों को कोई शिकायत नहीं दी है। सीओ शोभित कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। अभी तक मामले में परिजनों ने शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एक साल में 10 से अधिक लोगों की हुई मौत
खेतों में बेसहारा पशुओं के हमले से पिछले एक वर्ष में जिले के 10 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। गुलावठी, ऊंचागांव, स्याना, नरसेना, बुगरासी, डिबाई, शिकारपुर समेत अन्य क्षेत्रों में बेसहारा पशुओं के हमले से 36 लोग घायल हुए हैं। इसके बाद भी बेसहारा पशुओं को न तो गोशाला में संरक्षित कराया गया है और न ही किसानों की फसलों के बचाव के लिए अन्य कोई कदम उठाए गए हैं।
बेसहारा पशुओं के आतंक से परेशान हैं लोग
जिले में बेसहारा पशुओं के आतंक से लोग परेशान हैं, लेकिन इससे निजात दिलाने के लिए अधिकारी कोई कदम नहीं उठाते हैं। स्थिति यह है कि आए दिन बेसहारा पशु खेतों में घुसकर फसल बर्बाद करते हैं साथ ही खेतों में रखवाली करने वाले किसानों पर हमला भी कर देते हैं। इसके चलते बार-बार किसानों ने धरना प्रदर्शन किया, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ है।