स्पेशल श्रेणी से बाहर हुईं गोमती समेत आठ एक्सप्रेस ट्रेनें
खुर्जा जंक्शन। कोरोना काल में खुर्जा जंक्शन पर आने वाली गोमती, फरुखा, कालका, आम्रपाली, लिच्छवी, महानंदा, कालिन्दरी और संगम एक्सप्रेस को स्पेशल ट्रेनों के तौर पर चलाया गया। अब सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन पुराने नंबर से होगा। इससे यात्रियों को अब पुराने नंबर पर सीट बुक कराने के लिए आरक्षण कराना होगा।
कोरोना संक्रमण के चलते रेलवे ने नियमित ट्रेनों का संचालन 20 मार्च 2020 को बंद कर दिया था। पैसेंजर समेत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन बंद होने से रेलवे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बाद में कोरोना संक्रमण का असर कम होने पर रेलवे द्वारा यात्रियों को राहत देने के लिए कुछ ट्रेनों को स्पेशल व फेस्टिवल स्पेशल बनाकर नए नंबरों के साथ चलाया गया। फेस्टिवल ट्रेनों को किराया बढ़ाकर तो अन्य ट्रेनों को स्पेशल बनाकर चलाया गया। फेस्टिवल ट्रेनों में यात्रियों से 25 से 30 फीसदी तक अधिक किराया लिया गया। अब रेलवे बोर्ड ने पूर्व की तरह नियमित नंबरों से ट्रेनें चलाने का आदेश जारी कर दिया है।
सभी ट्रेनें अब अपने पुराने नंबर से चलेंगी। वहीं, किराया भी कोरोना काल से पूर्व की तरह लिया जाएगा। हालांकि जिले से संचालित हुई एक्सप्रेस ट्रेनों में कोई भी ट्रेन फेस्टिवल के तहत संचालित नहीं हुई। शेष ट्रेनों के आगे से शून्य हटाकर संचालन शुरू कर दिया है। खुर्जा रेलवे जंक्शन स्टेशन अधीक्षक पीके गुप्ता ने बताया कि गोमती, फरुखा, कालका, आम्रपाली, लिच्छवी, महानंदा, कालिन्दरी और संगम एक्सप्रेस अब स्पेशल ट्रेनों की श्रेणी से बहार कर दी गई हैं। सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन पुराने नंबर से शुरू हो गया है। रेलवे आरक्षण कराने वाले यात्रियों को अब पुराने नंबर के आधार पर आरक्षण कराना होगा। फिलहाल ट्रेनों में कोविड प्रोटोकॉल के तहत कंबल और चादर अभी नहीं मिलेंगे।