परीक्षा देकर आ रही छात्राओं से छेड़छाड़, विरोध पर मारपीट
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित एक विद्यालय से परीक्षा देकर लौट रही दो छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्राओं का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ तथा बीच बचाव में आये छात्रों के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने एक अभिभावक की तहरीर पर एक आरोपी को हिरासत में लेकर छात्राओं को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
बुधवार को कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित एक विद्यालय से कुछ छात्राएं व छात्र परीक्षा देकर लौट रहे थे। छात्राएं जैसे ही किशनपुर गेट के निकट पहुंचीं तभी वहां पहले से ही मौजूद कुछ मनचलों ने दो छात्राओं के साथ खींचतान शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी युवकों ने छात्राओं के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद अन्य छात्रों ने भी मनचलों की हरकत का विरोध किया तो आरोपी युवकों ने छात्रों के साथ भी जमकर मारपीट की। घटना के बाद डरे सहमे छात्र-छात्राएं कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहीं एक अभिभावक ने नौ आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने एक छात्र व तीन छात्राओं को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। पुलिस ने तहरीर में नामजद आरोपी एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
प्रथम दृष्टया मामला छात्रों के दो गुटों में आपसी मनमुटाव का सामने आया है। तहरीर प्राप्त हो गई है, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की की जाएगी।
- अखिलेश त्रिपाठी, कोतवाली प्रभारी