16 माह बाद चलेगी तिलक ब्रिज ईएमयू
बुलंदशहर। दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर हैं। 16 माह से बंद चल रही ईएमयू पैसेंजर ट्रेन का मंगलवार से संचालन शुरू हो जाएगा। 19 जुलाई को तिलक ब्रिज दिल्ली से चलकर 20 जुलाई को बुलंदशहर स्टेशन पहुंचेगी। लेकिन ट्रेन में सफर करने के लिए यात्रियों को अब महंगा टिकट खरीदना होगा।
कोरोना संक्रमण के चलते जनपद समेत देशभर में गत 21 मार्च की रात्रि से सबकुछ ठहर सा गया था। दुकानों के साथ-साथ आवागमन के मार्ग बंद होने से ट्रेनों का संचालन भी 21 मार्च की रात्रि से रोक दिया गया। इसके बाद से बुलंदशहर स्टेशन से चलने वाली जम्मू तवी, संगम एक्सप्रेस, ईएमयू तिलक ब्रिज और खुर्जा- मेरठ पैसेंजर ट्रेन का संचालन रोक दिया गया।
हालांकि संक्रमण की रफ्तार कम होने पर जम्मूतवी और संगम एक्सप्रेस का संचालन शुरू कर दिया गया था। लेकिन पैसेंजर ट्रेन का संचालन लगातार बंद चल रहा था। लोगों द्वारा पैसेंजर ट्रेन के संचालन को लेकर लगातार मांग की जा रही थी। जिसे उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल द्वारा संज्ञान में लिया गया और बुलंदशहर स्टेशन से एकमात्र दिल्ली को चलने वाली तिलक ब्रिज ईएमयू ट्रेन का 20 जुलाई से संचालन शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। रेलवे अफसरों के अनुसार 16 माह बाद सोमवार को तिलक ब्रिज शाम 6.15 पर दिल्ली से बुलंदशहर के लिए रवाना होगी जो देर रात्रि 10 बजे तक स्टेशन पर पहुंचेगी। इसके बाद मंगलवार सुबह पूर्व निर्धारित 5.40 पर दिल्ली के लिए रवाना होगी। इसके बाद इसका संचालन निरंतर जारी रहेगा।
अब देने होंगे 30 रुपये अधिक
पहले दिल्ली तक तिलक ब्रिज पैसेंजर ट्रेन का टिकट करीब 35 रुपये था, अब कोरोना महामारी के चलते मेल एक्सप्रेस के हिसाब से टिकट लगेगा। यात्रियों को अब टिकट के लिए करीब 65 रुपये देने होंगे। वहीं, कोरोना संक्रमण को देखते हुए ट्रेन में कोविड-19 गाइड लाइन का पालन करना होगा।
बोले यात्री
बुलंदशहर से दिल्ली को संचालित होने वाली तिलक ब्रिज ट्रेन का संचालन बंद चलने से रेलवे यात्रियों को परेशानियां हो रही थीं। अन्य जनपदों में पैसेंजर ट्रेनों का संचालन होने पर रेलवे मुख्यालय पत्र भेजकर दिल्ली के लिए चलने वाली पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू करने की मांग की गई। अब तिलक ब्रिज का संचालन शुरू होने से यात्रियों का काफी राहत मिलेगी।
वीरपाल सिंह, डीआरयूसी उत्तर रेलवे के पूर्व सदस्य
दिल्ली के लिए तिलक ब्रिज पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू होने से सभी को राहत मिलेगी। अब रेलवे मुख्यालय द्वारा खुर्जा-मेरठ पैसेंजर ट्रेन का संचालन भी शुरू करवा देना चाहिए।
- पुनीत कुमार
19 जुलाई को दिल्ली से चलकर ट्रेन स्टेशन आएगी। इसके बाद 20 जुलाई से पूर्व से निर्धारित समय 5.40 पर रवाना होगी। तिलक ब्रिज पैसेंजर ट्रेन का करीब 16 माह बाद संचालन हो रहा है। साथ ही मुख्यालय द्वारा टिकट की दरों में वृद्धि के निर्देश जारी कर दिए है।
भूपेंद्र कुमार, स्टेशन अधीक्षक