दो साल बाद सहालग की बहार
बुलंदशहर। 14 नवंबर को चार माह बाद देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु जागेंगे। इसी के साथ शादी के शुभ मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। दो वर्षों से कोरोना की मार झेल रहे कारोबारियों को इस बार सहालग पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है। 14 नवंबर से शुरू हो रहे सहालग 20 फरवरी तक रहेंगे। पंचांग में भले ही शादी के 30 शुभ मुहूर्त हो, लेकिन 45 दिन से ऊपर शादियां होंगी। वहीं, कारोबारियों का कहना है कि कोरोना काल में जो शादियां रुक गई थीं, वह फरवरी तक के मुहूर्तों में संपन्न होंगी।
हिंदू मान्यताओं के अनुसार, 20 जुलाई 2021 को देवशयनी एकादशी के दौरान देव शयन करने चले गए थे। इससे शुभ कार्य और विवाह आदि रुक गए थे। अब चार माह बीत जाने के बाद देवोत्थान एकादशी के मौके पर देव फिर से जागेंगे। उनके जागने के साथ-साथ विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। वहीं, विगत दो वर्षों से कोरोना के चलते सरकार की बंदिशों के कारण सामूहिक रुप से विवाह कार्यक्रमों का आयोजन नहीं हो पा रहा था। वर्तमान में कोरोना की रफ्तार पर लगाम लगने के कारण इस बार शादी समारोह भव्यता से होंगे।
पंडित राज शर्मा ने बताया कि नवंबर माह में 16, 20, 21, 28, 29 व तीस नवंबर और दिसंबर माह में एक, दो, सात, आठ, नौ, 11, 12, 13 दिसंबर शादियों के लिए शुभ मुहूर्त के दिन है। 14 नवंबर से 20 फरवरी तक 30 शुभ मुहूर्त पड़ रहे हैं।
इस बार बेहतर कारोबार की आस
पिछले वर्ष मार्च माह से कोरोना के चलते सामूहिक कार्यक्रमों पर रोक लगने के चलते कारोबार पर काफी असर पड़ा। इस बार अच्छे कारोबार होने की उम्मीद है।
- राकेश मित्तल, जिलाध्यक्ष व्यापारी सुरक्षा फोरम
बाजार में उछाल आने की उम्मीद
सहालग को लेकर लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी है। शादी-विवाह के लिए लोग आभूषण तैयार करा रहे हैं। इस बार सहालग से बाजार में काफी उछाल आने की उम्मीद है।
- हेमंत वर्मा, डायरेक्टर इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स उप्र
सहालग पर कारोबार पकड़ेगा गति
इस बार दिवाली पर बाजारों में रौनक लौटी। अब सहालग के लिए खरीदारी शुरू हो गई है। लोगों की खरीदारी को देखकर लग रहा है कि इस बार सहालग पर कारोबार गति पकड़ेगा।
- गौरव जिंदल, युवा जिलाध्यक्ष व्यापारी सुरक्षा फोरम