नुमाइश मैदान के ओपन स्टेज पर सब के राम नृत्य कार्यक्रम में प्रस्तुति देते कलाकार। संवाद
बुलंदशहर। नुमाइश ग्राउंड स्थित रविंद्र नाट्यशाला में जिला प्रदर्शनी की ओर शनिवार की देर रात सब के राम नृत्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें कलाकारों ने ओपन स्टेज पर रामायण के आधार पर नृत्य की एक के बाद एक शानदार प्रस्तुति देकर समा बांध दिया। कलाकारों की कला को देख दर्शक भी तालियां बजाने के साथ देर रात तक जमे रहे।
सबके राम नृत्य कार्यक्रम सूरज गौतम की देखरेख में हुआ। जैसे ही मंच पर कलाकारों ने नृत्य की प्रस्तुति शुरू की तो उनकी कला को देख दर्शक भी हैरान रह गए। मंच पर श्रीराम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान, रावण, मेघनाथ, कुंभकरण समेत रामायण के अन्य पात्रों पर आधारित नृत्य पेश किया गया। इस अनोखे कार्यक्रम को दर्शकों ने खूब सराहा और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर होते रहने चाहिए। नगर मजिस्ट्रेट चंद्रप्रकाश प्रियदर्शी ने बताया कि जिला कृषि, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी 15 जुलाई तक चलती रहेगी। इसमें ओडीओपी उत्पाद एवं अन्य उत्पाद के अलावा लजीज प्रकार के व्यंजन की दुकानें लगी हैं। जहां पर लोग पहुंचकर खूब खरीदारी कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा जिला प्रदर्शनी में सुरक्षा व्यवस्था सहित समस्त व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से किया जा रहा है।