संवाद न्यूज एजेंसी
अनूपशहर। नगर के मोहल्ला मोरीगेट में एक 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। परिजन शव को अस्पताल से घर ले गए। सूचना पर घर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मृतक के गले पर निशान मिला। साथ ही प्रारंभिक जांच व पूछताछ में सामने आया कि बच्चा घर के बाहरी हिस्से में बने शौचालय में फंदे से लटका था, उसे उतारकर परिजन अस्पताल ले गए थे। देर शाम तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
नगर के मोहल्ला मोरीगेट निवासी 12 वर्षीय बालक शाहिद अपने ननिहाल में अपनी मां व एक भाई के साथ रहता था। उसकी मां व पिता के बीच बीते काफी समय से विवाद चल रहा है। इसी के चलते शाहिद अपनी मां व भाई के साथ यहां रहता था। शनिवार को उसकी मां मजदूरी पर गई थी। शाम करीब चार बजे मोहल्ले की ही एक बच्ची ने शाहिद को शौचालय में फंदे से लटका देखा। इसकी सूचना उसने परिजनों को दी। परिजनों ने मोहल्ले के अन्य लड़कों की मदद से शाहिद को फंदे से उतारा और अस्पताल पहुंचाया। जहां, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर आ गए थे। बच्चे की मौत की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस व सीओ मौके पर पहुंचे और जांच की। सीओ अनूप सिंह का कहना है कि बच्चे की मौत प्रारंभिक दृष्टया फंदे से लटकने से होना बताया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का सही कारण पता चल सकेगा। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।