मजदूरी मांगने पर महिलाओं ने किसान और उसके बेटे पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिलाओं ने नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सलेमपुर कायस्थ निवासी शीला, सीमनतरा, कुसुम, लज्जा, मुन्नी, रज्जो, नीतू, चंद्रवती, मीना, मझला आदि ने बताया कि वह खेतों में मजदूरी पर कार्य करती है। 6 माह पहले उन्होंने गांव के एक किसान के खेत में मजदूरी की थी।
6 माह बाद भी वह उनके मजदूरी के पैसे नहीं दे रहा है। सोमवार को वह जब मजदूरी के पैसे मांगने के लिए किसान के घर पहुंची तो उसने उनके साथ मारपीट की। बताया कि मारपीट में शीला, सीमनतरा, कुसुम, लज्जा को काफी चोटें आई है।
महिलाओं ने कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि महिलाओं की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र के किला गांव में मामूली बात पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत कराया।
दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में तहरीर दी गई है। किला मार्ग निवासी दो पड़ोसी कूड़ा फेंकने को लेकर उलझ गए। बात इतनी बढ़ी कि दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। शोर सुनकर गांव के अन्य लोग पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया।
मारपीट में एक पक्ष से दो और दूसरे तरफ से तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों तरफ से पुलिस में तहरीर दी गई है।