हार चोरी का आरोप लगाकर मजदूर को उसके गांव से परिवार समेत बुलाया और फिर डेयरी मालिक ने उसकी पत्नी के साथ रेप किया। इसके बाद मजदूर और उसके बेटे को जमकर पीटा। मजदूर ने दम तोड़ दिया तो बहाने से एंबुलेंस बुलाकर पूरे परिवार को वापस उसके गांव भेज दिया।
इस मामले में पीड़िता ने डेयरी मालिक, उसके दो भाई और तीनों की पत्नियों के खिलाफ रेप और हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। वारदात गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर थानाक्षेत्र के गांव हबीबपुर में हुई। वहां डेयरी में नरसेना निवासी मजदूर को उस परिचित मोजपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र राजपाल ने आठ हजार रुपये प्रतिमाह मजदूरी पर लगवाया था।
डेयरी के पास मजदूर अपनी पत्नी और 12 साल के बेटे के साथ रहकर मजदूरी करता था। एक जून को उसने वेतन मांगा तो डेयरी मालिक बबली ने महज तीन हजार रुपये देकर उसकी पत्नी व बच्चे को गांव भेज दिया। अगले ही दिन फोन कर उसकी पत्नी पर हार चोरी करने का आरोप लगाकर बुला लिया।
आरोप है कि हबीबपुर पहुंचने पर डेयरी मालिकों में से एक चमन ने रविंद्र की पत्नी के साथ रेप किया। फिर चोरी के आरोप में बंधक बनाकर उसके पति को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। शुक्रवार रात मजदूर की मौत हो गई तो आरोपियों ने बिना किसी डॉक्टर को दिखाए एंबुलेंस बुलाकर से शव को पीड़िता और बच्चे के साथ नरसेना भेज दिया।
एंबुलेंस के चालक अजय शर्मा ने बताया कि उसकी एंबुलेंस बुलंदशहर के लिए बुक कराई गई थी। खुद स्कॉर्पियो से डेयरी मालिक पीछे चल रहे थे लेकिन सिकंदराबाद के बाद अचानक उनकी गाड़ी दिखाई नहीं दी। एंबुलेंस में बेटे के साथ बैठी पीड़िता ने गांव का रास्ता बताया तो शुक्रवार रात दस बजे चालक शव लेकर पहुंचा।
मृतक की पत्नी ने डेयरी मालिक बबली, चमन, गप्पी, पुत्रगण श्रीपाल एवं उनकी तीन पत्नियों समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। महिला ने आरोपियों में से एक चमन पर रेप का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर बबली, चमन और गप्पी समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। रेप पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। घटना की जांच कर आरोपियों को शीघ्र हिरासत में लिया जाएगा। ज्ञान सिंह-एसओ नरसेना