जेई के साथ मारपीट के आरोपियों पर कार्रवाई नहीं करने का एलान करने वाले सीओ साहब का वीडियो अब वायरल हो गया है। वीडियो में स्याना सीओ कहते नजर आ रहे हैं कि वह इस मुकदमे को खत्म कराके ही दम लेंगे। बिजली अफसरों ने वीडियो की शिकायत एमडी से कर दी है। यह मामला अब आईजी तक भी पहुंचेगा।
कुछ दिनों पहले बुगरासी में लाइन पर काम के दौरान बिजली संविदाकर्मी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। मौत से गुस्साए लोगों ने जेई सचिन कुमार की जमकर पिटाई की थी और बंधक बनाकर बंद कर लिया था। बाद में पुलिस के पहुंचने और मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये मिलने के बाद जेई सचिन कुमार को छोड़ा गया था।
जेई की तरफ से उसके साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ स्याना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भारतीय किसान यूनियन ने भी मोर्चा खोल दिया था। किसान यूनियन को साधने के लिए सीओ स्याना उनके धरनास्थल पर ही पहुंच गए। उन्होंने एलान कर दिया है कि जब तक वह मौजूद हैं, किसी के साथ कोई कार्रवाई नहीं होगी।
सीओ साहब ने तो दो कदम आगे बढ़कर यह भी कह दिया गया कि वह मुकदमा खत्म कराके ही दम लेंगे। यह वीडियो अब जमकर वायरल हो रहा है। जेई संघ ने यह वीडियो जिले के वरिष्ठ पुलिस अफसरों के अलावा बिजली अफसरों समेत एमडी के पास भी भेजा है। बताया जा रहा है कि विडियो को आईजी को भी दिखाया जाएगा।
कानून के तहत काम किया जाएगा। यदि मैंने कुछ कह दिया है तो वह कानून व्यवस्था को संभालने के कारण कह दिया है। कानून से उपर कोई नहीं है। कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-चितरंजन चौहान, सीओ स्याना
भाकियू ने की 10 लाख रुपये मुआवजे की मांग
शनिवार को भाकियू नेता सेंसरपाल सिंह के आवास पर आयोजित पंचायत में मांग की गई कि हाजीपुर के जंगल में विद्युत संविदाकर्मी के आश्रितों को 10 लाख रुपये मुआवजा दिलाए जाने की मांग की।
पंचायत में प्रशासन से यह भी मांग की गई कि घटना के बाद जिन किसानों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उन्हें अविलंब वापस लिया जाए। पंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू नेता वीरपाल सिंह तेवतिया ने कहा कि यदि भाकियू की मांगें नहीं मानी गई तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने को विवश होना पड़ेगा।
पंचायत को विजय सिंह, जसवंत सिंह, तेजवीर सिंह, सेंसरपाल, टेकचंद, सतेंद्र सिंह, अनवर हसन ने भी संबोधित किया। अध्यक्षता वीरपाल सिंह तेवतिया ने तथा संचालन बदरे आलम ने किया।