पूर्वा एक्सप्रेस में टीटी से मारपीट
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर चलने वाली पूर्वा एक्सप्रेस में टिकट मांगने पर एक युवक ने टीटी से मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए। अभद्रता करते हुए युवक ने टीटी के ऊपर थूक दिया। टीटी ने मामले की सूचना कंट्रोल रूम को दी। उधर ट्रेन में मौजूद आरपीएफ ने युवक को पकड़ लिया।
घटना के कारण नॉनस्टाफ ट्रेन को जंक्शन स्टेशन पर रोक दिया गया। स्टेशन पर युवक को जीआरपी के हवाले कर दिया गया। टीटी ने आरोपी युवक के खिलाफ जीआरपी चौकी में तहरीर दी है। रविवार शाम को नई दिल्ली से हावड़ा जा रही पूर्वा एक्सप्रेस के पैंट्री कार में एक युवक बैठा हुआ था।
इस दौरान टूंडला निवासी टीटी धर्मेन्द्र कुमार ने पैंट्री कार में पहुंचकर युवक से पूछताछ करनी शुरू कर दी। टीटी ने जब टिकट मांगा तो युवक टीटी से गाली-गलौच पर उतर आया। मामला इतना बढ़ गया कि युवक ने टीटी धर्मेन्द्र कुमार से मारपीट करते हुए उनके कपड़े फाड़ दिए।
यही नहीं आरोपी युवक ने अभद्रता पूर्वक टीटी के ऊपर थूक दिया। पैंट्री कार में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। टीटी धर्मेन्द्र कुमार ने घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दे दी। सूचना पर अन्य बोगियों में मौजूद आरपीएफ के जवान पहुंच गए और युवक को पकड़ लिया।
इस दौरान नॉनस्टाप होने के बावजूद ट्रेन को जंक्शन स्टेशन के तीन नंबर प्लेट फार्म पर पौने सात बजे रोक दिया गया। आरोपी युवक को जीआरपी के हवाले कर दिया गया। टीटी धर्मेन्द्र कुमार ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दे दी है।
करीब 15 मिनट तक कार्रवाई के बाद ट्रेन को स्टेशन से रवाना किया गया। ट्रेन के रुकने से यात्रियों में हड़कंप रहा। एसएस पीके गुप्ता ने बताया कि टीटी के साथ युवक द्वारा अभद्रता और मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। ट्रेन रोककर आरोपी को जीआरपी के हवाले कर कार्रवाई की जा रही है।