कोतवाली क्षेत्र में जहरखुरानी गिरोह ने तीन युवकों को बेहोश कर मोबाइल और नगदी लूट लिया।
तीनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से उपचार के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई।
जानकारी के मुताबिक, गांव मिर्जापुर निवासी अनीस पुत्र इदरीस मजदूरी करते हैं। बृहस्पतिवार रात करीब 8 बजे वह शिकारपुर तिराहे पर बैठे हुए थे।
तभी कुछ लोग आए और उन्हें कोल्डड्रिंग में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जब वह बेहोशी की हालत में हो गए तो उनके जेब से तीन हजार रुपये और मोबाइल निकाल ले गए।
वहीं, देवीपुरा निवासी फिरोज पुत्र निजामुद्दीन ने बताया कि वह ठेला लगाता है। बृहस्पतिवार रात दो युवक उसे बुलाकर ले गए और डीएवी तिराहे के पास नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जब होश आया तो अस्पताल में थे और जेब में रखे 2100 रुपये व मोबाइल गायब था।
वहीं, मिर्जापुर निवासी फैजान ने पुलिस को बताया कि वह पढ़ाई करता है। बृहस्पतिवार शाम उसे कुछ लोगों ने नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।