शिक्षिका के साथ उसके भाई के दोस्त ने तमंचे के बल पर रेप कर दिया। विरोध करने पर आरोपी ने बच्चों को मारने की धमकी दी। फिर पीड़िता के अश्लील फोटो भी खींच लिए। बदहवासी की हालत में जेवरात भी लूट लिए।
इसके बाद परिजनों को व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़िता ने पुलिस को तहरीर में बताया है कि वह एक निजी स्कूल में पढ़ाती है। हापुड़ में उसका मायका है। पीड़िता के भाई का दोस्त शेखर त्यागी निवासी हापुड़ पीड़िता के घर आता जाता था।
भाई का दोस्त होने के चलते वह भी बहन मानता था। महिला ने पुलिस को बताया कि एक दिन शेखर उसके घर आया और भाई की तबीयत खराब बताकर बुलंदशहर ले गया। इस दौरान अज्ञात स्थान पर ले जाकर तमंचे के बल पर उसके साथ रेप किया।
फिर नशीला पदार्थ पिलाकर पीड़िता से मंगलसूत्र, कानों के कुंडल, अंगूठी लूट लिए। इस दौरान आरोपी ने नशीला पदार्थ पिलाकर पीड़िता का अश्लील फोटो भी खींच लिए। शिकायत करने पर बच्चों की हत्या करने और सोशल साइट पर उसके फोटो डालने की धमकी दी।
आरोपी ने उसके परिजनों के व्हाट्सएप पर अश्लील फोटो भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। नगर कोतवाल आरके सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर शेखर त्यागी के खिलाफ बलात्कार और लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मायके से बुलाकर विधवा से जेठ ने किया रेप
पहासू। साथ में रहने से मना करने पर रिश्ते के जेठ ने विधवा से रेप कर डाला। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट की।
किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूट कर पीड़िता थाने पहुंचकर शिकायत दी है। क्षेत्र के गांव निवासी महिला अपने पति की मौत होने के बाद मायके में रहने लगी थी। बुधवार को ससुराल से एक युवक आया और उसे बुलाकर ले गया, जहां रिश्ते के जेठ ने विधवा को जलपान कराने के बहाने अपने घर ले गया।
फिर महिला से साथ रहने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने विधवा की पिटाई कर रेप कर डाला। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी फरार हो गया। पीड़िता ने थाने में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। फिर भी जांच कराई जा रही है।