लूट के मामले में पकडे़ एक युवक को दरोगा ने 10 हजार रुपये लेकर छोड़ दिया। खास बात है कि रुपये लेन-देन का सौदा एक दलाल के माध्यम से कराया गया था। पीड़ित की शिकायत पर सीओ ने आरोपी दरोगा को जमकर फटकार लगाते हुए शाम तक 10 हजार रुपये पीड़ित को लौटाने का आदेश दिया।
सीओ ने बताया कि आरोपी दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हाईवे स्थित कालिंदी कुंज कॉलोनी के पीछे बालकिशन कॉलोनी निवासी प्रमोद शर्मा ने बताया कि एक नवंबर को पंचवटी बंबे पर हुई साढे़ सात लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने उसके भाई रामभाई और मकान में किराए पर रहने वाले अनुज चौधरी को दो नंवबर को उठाया था।
तीन नंवबर को वह खुद कोतवाली चला गया था। जहां दो दिन तक बैठाने के बाद एक दरोगा ने कांलिदी कुंज निवासी एक दलाल के माध्यम से दस हजार रुपये लेकर उसे छोड़ दिया।मामले का खुलासा मंगलवार को उस वक्त हुआ जब प्रमोद अपनी गायब बीबी की बरामदगी की गुहार लगाने सीओ कार्यालय पहुंचा।
सीओ से बातचीत के दौरान दरोगा की कारगुजारी सामने आई तो सीओ विजय प्रकाश सिंह ने आरोपी दरोगा को जमकर फटकार लगाते हुए शाम तक 10 हजार रुपये लौटाने के निर्देश दिए। साथ ही कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्रा को भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।