विधानसभा चुनाव के चलते चल रही वाहन तलाशी के दौरान अहमदगढ़ थाना पुलिस ने एक कार से 18 लाख रुपये बरामद किए हैं। कार चालक के पास से लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस भी मिले हैं। पुलिस की सूचना पर एसडीएम और आयकर विभाग के अफसरों ने आरोपी से पूछताछ की।
कार सवार का कहना है कि यह नकदी डेयरी के भुगतान के लिए लेकर जा रहा था। हालांकि आरोपी कोई कागजात दिखाने में असफल रहा। रविवार दोपहर इंस्पेक्टर अहमदगढ़ सुधीर कुमार थाने के सामने वाहनों की चेकिंग करा रहे थे। इसी दौरान एक बोलेरो बुलंदशहर की ओर से आती दिखाई दी।
टीम ने गाड़ी रोककर तलाशी ली तो गाड़ी में नोटों की गड्डियां दिखाई दीं। कार चालक की पहचान राजेश उर्फ राजीव पुत्र अतर सिंह निवासी अटेरी पुनिया थाना अलापुर जिला बदायूं के रूप में की गई है। राजेश ने पुलिस को बताया कि वह दूध का कारोबार करता है। इस 18 लाख की रकम को बुलंदशहर स्थित दूध की डेयरी को भुगतान करना था।
इंस्पेक्टर अहमदगढ़ ने मामले की जानकारी एसडीएम शिकारपुर उमाशंकर सिंह और आयकर विभाग के अधिकारियों को दी। सूचना पर एसडीएम उमाशंकर सिंह और आयकर विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नकदी को कब्जे में लेकर राजेश से कागजात दिखाने को कहा।
एसडीएम उमाशंकर सिंह ने बताया कि बरामद रकम की गिनती कराई गई जो 18 लाख है। कोई भी कागजात उपलब्ध न कराने पर कार सवार राजेश कुमार निवासी अटेरी पुनिया थाना अलापुर जिला बदायूं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। उसकी रिवाल्वर और कार को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सपा नेता पर एनसीआर दर्ज
जहांगीराबाद में प्रशासन ने रविवार को बसपा प्रत्याशी के वाहन को सीज कर दिया है। सीओ श्रेष्ठा ठाकुर ने बताया कि नई मंडी के पास विधायक व बसपा प्रत्याशी चौ. गजेंद्र सिंह के प्रचार वाहन को रोककर चालक से प्रचार का अनुमति पत्र मांगा तो वह नहीं दिखा पाया।
इसलिए वाहन को पुलिस ने सीज कर दिया। उधर, अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र में सपा नेता विजय गौतम को गाड़ी के शीशों पर काली फिल्म चढ़ाना रविवार को भारी पड़ गया। टीम ने बसपा नेता विजय गौतम के खिलाफ एनसीआर में मामला दर्ज कर लिया। वहीं, शेरगढ़ के पास सचल दल ने दो कार्टून अवैध शराब बरामद की है।
आचार संहिता उल्लंघन में फंसे बसपा प्रत्याशी
बिना मकान मालिक के इजाजत के दीवारों पर पोस्टर लगाने के आरोप में पुलिस ने बसपा प्रत्याशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, बसपा प्रत्याशी ने साजिशन फंसाने का आरोप लगाया है।
कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि माधोदास मोहल्ला में संजीव पुत्र देवकीनंदन, दानिश पुत्र इश्हाक, राजेश गुप्ता पुत्र स्वर्गीय दीपचंद गुप्ता के मकान की बाहरी दीवार पर बसपा प्रत्याशी हाजी इमरान के राजनीतिक पोस्टर लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि मकान मालिकों ने पोस्ट लगाने की जानकारी होने से इंकार कर दिया।
चुनावी पोस्टरों पर प्रिंटिंग प्रेस का नाम भी अंकित नहीं था। कोतवाल ने बताया कि हाजी इमरान के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बसपा प्रत्याशी हाजी इमरान का कहना है कि उन्होंने आचार संहिता लागू होने से पूर्व ही अपने सभी बैनर-पोस्टर हटवा दिए थे।
उन्हें बदनाम करने के लिए उनके विरोधियों ने सजिश के तहत उनके पोस्टर लगाए है।
चलाया चेकिंग अभियान
आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। रविवार को एसडीएम उमाशंकर सिंह व सीओ विजय प्रकाश ने एसएचओ शैलेंद्र सिंह के साथ सलेमपुर तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कराई। दुपहिया वाहनों के अलावा अन्य गाड़ियों की तलाशी भी ली गई। हालांकि इस दौरान कोई आपत्तिजनक चीज नहीं मिली है।
सभासदों के साइन बोर्ड भी हटेंगे
आचार संहिता लागू होने के बाद अब गली मोहल्ले में लगे पालिका सभासदों के साइन बोर्डों भी हटाए जाएंगे। एसडीएम कन्हई सिंह ने बताया कि सभासदों ने अपने आवास, मोहल्लों में अपने नाम के साइन बोर्ड लगा रखे हैं। इनपर राजनीतिक पार्टियों का निशान भी बना हुआ है। उन्होंने ईओ को पालिका सभासदों के ऐसे सभी बोर्डों को हटवाने के आदेश दिए है।