तमंचों के बल पर तीन बदमाशों ने बुगरासी-स्याना निर्माणाधीन पुल से गुजर रहे बाइक सवार तीन ग्रामीणों से नकदी लूट ली। पीड़ितों के शोर मचाने पर आसपास रहने वाले लोग दौड़े और एक बदमाश को दबोच लिया जबकि उसके दो साथी भाग निकले। लोगों ने बदमाश की जमकर धुनाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
बुगरासी-स्याना मार्ग पर नहर का पुल टूटने के कारण निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार की रात्रि लगभग 10 बजे ग्राम किरयावली निवासी बिजेंद्र अपने साथी राजू के साथ बाइक से स्याना जा रहा था। तीन तमंचेधारी अज्ञात बदमाशों ने बिजेंद्र और राजू को तमंचे से भयभीत कर रोक लिया।
बदमाशों ने बिजेंद्र के 6200 रूपये व राजू के 5100 रूपये छीन लिए। इसी समय सराय निवासी राकेश बाइक से नोएडा से आ रहा था। बदमाशों ने राकेश को भी तमंचे से भयभीत कर रोक लिया तथा राकेश से 1200 रूपये छीन लिए। बिजेंद्र, राजू तथा राकेश ने अचानक शोर मचाना शुरू कर दिया तथा गांव को फोन मिला दिया।
इससे हड़बड़ाए बदमाश भागने लगे। शोर सुनकर अन्य राहगीर रूक गए तथा बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। लोगों ने थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के शेरपुर निवासी नवाब को दबोच लिया जबकि उसके दोनों साथी भाग गए। ग्रामीणों ने नवाब की जमकर पिटाई की तथा उसे पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा 500 रूपये भी बरामद किए हैं। कोतवाल आरके शर्मा ने बताया कि आरोपी से उसके दोनों साथियों के नाम पते लिए गए हैं। दोनों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। पकड़े गए बदमाश नवाब का चालान कर दिया है।