हाईवे पर मां-बेटी से गैंगरेप के मामले में पुलिस अब तीन राज्यों में जांच कर आरोपियों को घेरने की तैयारी कर रही है। पुलिस गिरफ्त में आए सलीम बावरिया और उसके दो साथियों को जेल भेजने से पहले झारखंड, राजस्थान और बिहार में आरोपियों के संपर्क की जानकारी मिली थी।
सूत्रों के मुताबिक, आईजी मेरठ सुजीत पांडेय ने अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए टीमें गठित की हैं। मंगलवार दोपहर आईजी मेरठ जोन सुजीत पांडेय ने हाईवे पर मां-बेटी के साथ हुई गैंगरेप की वारदात का खुलासा करते हुए सलीम बावरिया और उसे दो साथियों परवेज व जुबेर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
आईजी ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया था कि वारदात को अंजाम देने के बाद सलीम और उसके साथी झारखंड भाग गए थे। इनके बिहार भागने की योजना थी। साथ ही सलीम बावरिया के राजस्थान में भी काफी लोगों से संपर्क हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आईजी ने सलीम के इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए कुछ खुफिया टीमें गठित कीं हैं। ये टीमें झारखंड, बिहार और राजस्थान में जाकर आरोपियों के संपर्क को तलाशेंगी। पता करेंगी कि कौन लोग सलीम और उसके साथियों को पनाह देते थे।
फरार चल रहे फाती को पकड़ने के लिए ताबड़तोड़ दबिश
हाईवे पर मां-बेटी से गैंगरेप की वारदात के बाद फरार चल रहे फाती की तलाश में जनपद पुलिस ने कई स्थानों पर ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है। लेकिन पुलिस को कामयाबी नहीं मिल रही है।
जेल में आरोपियों से पूछताछ कर सकती है राजस्थान पुलिस
राजस्थान के हनुमानगढ़ में हुई डकैती और हाईवे पर लूटपाट की कई वारदातें हो चुकी हैं। उन्हीं वारदातों का खुलासा करने के लिए राजस्थान पुलिस ने बुलंदशहर पहुंच गई है। सूत्रों का कहना है कि हाईवे पर मां-बेटी से गैंगरेप के मामले में जेल गए सलीम बावरिया और उसके साथियों से राजस्थान पुलिस पूछताछ कर सकती है।
रिमांड पर लिए दो आरोपियों से पूछताछ जारी
हाईवे पर मां-बेटी से हुए गैंगरेप के मामले में पुलिस दो आरोपियों जबर सिंह और शाबेज से 72 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। 60 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों से कुछ भी नहीं उगलवा पाई है। हालांकि आगे के 12 घंटों में पुलिस को कुछ अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
राजस्थान के 36 थानों में खंगाल रहे रिकॉर्ड
जनपद में पिछले कुछ माह में हुई डकैतियों के खुलासे के लिए पुलिस ने बावरियों को रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस राजस्थान के जनपद भरतपुर और आसपास के जनपदों के करीब 36 थानों में पिछले पांच साल में जेल गए बावरियों का रिकॉर्ड जुटाने में लगी है।
बता दें कि 10 जुलाई की रात नई मंडी चौकी क्षेत्र के जटापुर गांव में सिपाही के घर पर बावरियों ने लूटपाट की थी। विरोध करने पर बुजुर्ग दंपति को लहूलुहान कर दिया था। दो दिन बाद कोतवाली देहात के धमरावली गांव में घर में सो रही महिला के कुंडल लूट लिए थे। विरोध पर उसकी हत्या कर दी थी। कुछ दिन बाद खुर्जा में एक कोल्डस्टोर में डकैती भी डाली थी।