पुलिस की गिरफ्त में अंतर्राज्यीय गैंग के सदस्य।
- फोटो : ब्यूरो
एक सप्ताह पहले सड़क किनारे बसे बंजारों से बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले पांच डकैतों को सिकंदराबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके तीन साथी भागने में सफल रहे। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवरात, कैश, मोबाइल और तीन तमंचे, दो चाकू बरामद हुए हैं। गिरफ्तार हुआ एक आरोपी नौ साल की सजा भी काट चुका है।
एसएसपी अनीस अहमद अंसारी ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सूचना पर ककोड़ रोड स्थित चामुंडा मंदिर के पास बने खंडहर में छापा मारकर पुलिस ने पांच बदमाशों को दबोच लिया। जबकि तीन भागने में सफल रहे।
उनकी पहचान चमन उर्फ सोनू उर्फ मोटा बंजारा पुत्र मियांजान, महमूद उर्फ मोटा पुत्र बक्शी निवासी गांव मीरपुर थाना खुर्जा नगर, बादल उर्फ ज्ञानचंद पुत्र वीरसिंह निवासी गांव नवादा, आलम अली उर्फ नवाब पुत्र सवलिया निवासी बरतौली थाना खुर्जा देहात, सेठ पुत्र सुल्तान निवासी बरेली के रूप में हुई।
पूछताछ में पांचों ने बताया कि उन्होंने खुर्जा देहात क्षेत्र के धराऊं स्थित निर्माणाधीन कोल्डस्टोर में हुई डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। पकड़े गए बदमाशों के पास से उस वारदात के दौरान लूटे गए चार मोबाइल और एक वोटर आईकार्ड भी बरामद किए हैं। पकड़ा गया महमूद राजस्थान के एक मामले में नौ साल की जेल काट चुका है।
महिला से बदमाशों ने चेन लूटी
कोतवाली देहात की यमुनापुरम कॉलोनी में शनिवार सुबह पति को हाईवे पर छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने गन प्वाइंट पर चेन लूट ली। रामा एंकलेव निवासी राकेश गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में काम करते हैं।
शनिवार सुबह अपनी पत्नी कुसुम को स्कूटी पर लेकर हाईवे तक गए थे। हाईवे पर उतरने के बाद कुसुम स्कूटी लेकर घर वापस लौट रही थीं। जैसे ही वह यमुनापुरम कालोनी पहुंची तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लियाऔर गन प्वाइंट पर चेन लूट ली।