व्यापारी नेता नरेंद्र अग्रवाल को कुचल कर मारने वाली बस ने कुछ मिनट पहले बाइक सवार लक्ष्मण अवार्डी अमित चौधरी और उसके ममेरे भाई को भी टक्कर मारकर घायल कर दिया था। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण अवार्डी को निजी अस्पताल से दिल्ली रेफर किया गया था। इलाज कराने के चक्कर में तब पीड़ित ने पुलिस को सूचना नहीं दी थी।
बृहस्पतिवार को अमित के बड़े भाई ने बस चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई । लक्ष्मणपुरी भूड़ निवासी अनुराग चौधरी पुत्र गुलवीर सिंह चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके छोटे भाई अमित चौधरी को बॉडी बिल्डिंग में लक्ष्मण अवार्ड मिल चुका है।
11 दिसंबर 2016 की रात अमित अपने ममेरे भाई विक्रांत के साथ जिम से करीब 9.30 बजे घर के लिए निकला था। बहलीमपुरा नहर के मोड़ पर भूड़ की तरफ से आ रही रोडवेज बस संख्या यूपी17-टी4852 के चालक ने गलत दिशा में आकर अमित की बाइक में टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को सोहम नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां से उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया।
इलाज कराने के चलते एफआईआर दर्ज कराने में देर हो गई। नगर कोतवाल पोसीराम शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। बता दें कि इसी बस ने उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संयोजक नरेंद्र अग्रवाल को टक्कर मार दी थी जिसके बाद उनकी मौत हो गई थी। पुलिस अभी तक लापरवाह बस चालक को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।