आयकर विभाग की स्पेशल इनवेस्टीगेशन टीम ने एक साथ गाजियाबाद के शास्त्रीनगर, बुलंदशहर, स्याना और गढ़मुक्तेश्वर में बीड़ी व्यापारी, रियल एस्टेट और ब्याज पर पैसों का लेनदेन करने वालें कई व्यापारियों के यहां छापा मारा। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक छापामारी में महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंप्यूटर की हार्डडिस्क और बुलंदशहर से 23 लाख रुपये कैश बरामद किया है।
टीम फिलहाल जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच पड़ताल कर रही है। माना जा रहा है कि यह छापामारी चुनाव में कैश के लेनदेन के मद्देनजर की गई है। रविवार सुबह करीब आठ बजे स्याना के एक बीड़ी व्यापारी के घर पर आयकर विभाग की स्पेशल इनवेस्टीगेशन टीम पहुंची। तीन गाड़ियों में करीब आधा दर्जन अफसर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे।
मौके पर पहुंचते ही हड़कंप मच गया। जांच के दौरान मोबाइल फोन भी बंद करा दिए गए। जांच कई घंटे चली। वहीं गढ़मुक्तेश्वर में रियल एस्टेट से जुड़े कारोबारी के घर और ऑफिसों में भी इनकम टैक्स ने छापा मारा। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक गढ़-चौपला पर अंबेडकर गेट के पास टीम ने कारोबारी पिंटू गुर्जर के घर, बाइक शोरूम, कपड़े की दुकान और बजाज सर्विस सेंटर में एक साथ छापामारा।
छापामारी स्थल के बाहर अत्याधुनिक हथियारों से लैस कमांडो को तैनात किया गया। उधर, इनकम टैक्स अधिकारियों के मुताबिक छापामारी चुनाव के मद्देनजर की गई है। चुनाव को प्रभावित करने के लिए काफी मात्रा में कैश का उपयोग किया जाता है। इसे रोकने के लिए ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर छापामारी की गई। बुलंदशहर में विकास अग्रवाल के यहां विभाग ने कार्रवाई की है।