बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गैस एजेंसी के गोदाम में घुसकर तीन कर्मचारियों को बंधक बनाया और 1.48 लाख रुपये लूट लिए। दस मिनट में हुई इस वारदात में बदमाशों ने कैशियर पर फायर भी किए, लेकिन उसने दूसरे कमरे घुसकर जान बचाई। दिनदहाड़े लूट की सूचना पर एसएसपी, एसपी देहात ने मौका-मुआयना किया।
नगर के पुराना जीटी रोड पर टुक्की मल की बगीची के पास बुलंदशहर निवासी धमेंद्र कुमार का इंडेन गैस एजेंसी का गोदाम है। धमेंद्र ने बताया कि उसके गोदाम पर चोला चौकी क्षेत्र के गांव ख्वासपुर निवासी हर प्रसाद पुत्र लेखराज करीब चार साल से कैशियर के रूप में काम कर रहा है। हरप्रसाद ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह गोदाम पर बैठा हुआ था।
गोदाम पर कर्मचारी नितिन, दौलत, नरेश भी मौजूद थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक गोदाम के सामने आकर रुके। दो युवक गोदाम में घुस आए और उन्होने ने उस पर पिस्टल तान दी। वह घबराकर कमरे में घुस गया। भागते समय बदमाशों ने उस पर फायर कर दिया। गोली उसके पैरों के पास ने निकलती हुई कमरे की चौखट में जा लगी। एक बदमाश उसके पीछे कमरे में घुस आया।
दूसरे बदमाश ने अन्य कमचारियों को हथियार के बल पर आतंकित कर दूसरे कमरे में बंधक बना लिया। हरप्रसाद ने बताया कि बदमाश ने उससे कैश से भरा बैग छीनने लगा। विरोध करने पर बदमाश ने उस पर फायर कर दिया। बदमाश रुपयों से भरा बैग लूटकर बाइक से भाग गए।
हरप्रसाद ने बताया कि बैग में कलेक्शन के 1.18 लाख और 30 हजार रुपये उसके पास किसी रिश्तेदार के छोटे नोट बदलने के लिए आए हुए थे। बदमाश उसका मोबाइल भी लूटकर ले गए। दिनदहाड़े लूट की सूचना पर सीओ यशवीर सिंह, कोतवाल जितेंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर एसएसपी सोनिया सिंह, एसपी देहात जगदीश प्रसाद ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
एजेंसी मालिक धमेंद्र कुमार ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुरानी करेंसी भी लूट ले गए बदमाशः सिकंदराबाद। गैस एजेंसी के कैशियर से लूटे गए 1.48 हजार में अधिकांश पुरानी करेंसी थी। हर प्रसाद ने बताया कि 1.48 लाख में केवल 25 से 30 हजार की छोटे नोट व नई करेंसी के होंगे। आबादी के बीचों बीच स्थित गैस गोदाम के कैशियर से दिन दहाड़े हुई लूट की घटना से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।
एजेंसी के साथ रिश्तेदार का भी लूटा कैशः सिकंदराबाद। गैस एजेंसी पर हुई 1.48 लाख की लूट में एजेंसी का कैश कलेक्शन के अलावा कैशियर के रिश्तेदार का भी कैश शामिल है। कैशियर हर प्रसाद ने बताया कि लूटे गए 1.48 लाख में 1.18 लाख एजेंसी का कैश कलेक्शन है। बाकी उसके रिश्तेदार ने अपने घर में शादी की खरीदारी करने के लिए उसे एजेंसी से छोटे नोट बदलने के लिए दिए थे।
मालिक से कह देना एक लाख ओर पहुंचा दें
कैशियर हर प्रसाद ने बताया कि कैश लूटने के बाद जाते समय बदमाशों ने उससे कहा कि अपने मालिक से कह देना एक लाख ओर पहुंचा दें। कैशियर और एजेंसी कर्मचारियों ने बताया कि किसी भी बदमाश ने नकाब नहीं लगा रखा था। हालांकि एजेंसी मालिक धमेंद्र कुमार ने पूर्व में बदमाशों द्वारा रंगदारी मांगे जाने की किसी भी घटना से इनकार किया है।