नगर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी निवासी एक अधिवक्ता के साले ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर अधिवक्ता की भाभी के डेढ़ लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने रुपये वापस मांगने पर पीड़ित अधिवक्ता और उसकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता ने पिता-पुत्र समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आवास विकास प्रथम निवासी एडवोकेट गंगाराम वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नई मंडी चौकी क्षेत्र के मोहल्ला टांडा में पत्नी कांता देवी का सगा मौसेरा भाई प्रेमदास पुत्र देशराज रहता है। पिछले काफी समय से प्रेमदास व उसके पुत्र सुमित कुमार व रोहित का आना-जाना था। तीनों ने रोजगार करने के लिए 1.5 लाख रुपये की मांग की।
अधिवक्ता गंगाराम ने अपनी भाभी विमलेश पत्नी स्व. छत्तर सिंह से 12 अगस्त 2014 को 1.5 लाख रुपये लाकर प्रेमदास को दे दिए। रुपयों का तकादा किया तो 10 अगस्त 2016 को सुमित कुमार ने पंजाब नेशनल बैंक का एक लाख रुपये का चैक काटकर दे दिया।
सुमित ने कहा कि 24 अगस्त 2016 के बाद इस चैक को बैंक में लगाया जाए। इस बात को ध्यान में रखते हुए 6 सितंबर 2016 को विजया बैंक में चेक लगाया। खाते में रुपये कम होने के चलते चैक बाउंस हो गया। अब रुपये मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
नगर कोतवाल राजवर्धन गौड़ ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।