प्रेमी की शादी की भनक पर प्रेमिका का हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे प्रेमी की दूसरी जगह शादी तय होने की भनक लगने पर प्रेमिका ने प्रेमी के घर पहुुंचकर खूब हंगामा किया। प्रेमिका ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन पर जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमिका को समझाकर शांत कराया। युवती से पुलिस कार्रवाई के लिए कागज लेकर थाने आने की बात कही। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को प्रेमिका बीबीनगर थाने न आकर गाजियाबाद के थाने में चली गई।
बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक का रिश्ता बीबीनगर क्षेत्र के ही अन्य गांव में तय हुआ है। शुक्रवार को तय कार्यक्रम के अनुसार वधू पक्ष के लोग सगाई लेकर आ गए। युवती को जब मामले का पता चला तो वह युवक के घर पहुंची। शादी न होने देने की धमकी दी। वर व वधू पक्ष के लोगों के समझाने पर भी युवती शांत नही हुई और पुलिस कंट्रोल रूम को मामले की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर युवती और आक्रामक हो गई।
प्रेमिका ने पुलिस को बताया कि वह कई वर्षों से लिव इन रिलेशनशिप के तहत गाजियाबाद में किराए का मकान में रहते हैं। युवक ने कई बार युवती का गर्भपात भी कराया है। युवक द्वारा शादी से टालमटोल करने पर युवती ने गाजियाबाद के एक थाने में मामले की तहरीर भी दी थी।
बीबीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह बालियान ने बताया कि युवती द्वारा आरोपी युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने व संबंध बनाने जैसे कई आरोप लगाए गए हैं। युवती बीबीनगर थाने नही पहुंची बल्कि गाजियाबाद चली गई।