घर बैठे इंटरनेट के माध्यम से मोटी कमाई करने का लालच देकर 3700 करोड़ की ठगी करने वाली एबलेज कंपनी के निदेशक के खिलाफ सिकंदराबाद कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने यह कार्रवाई एसएसपी के आदेश पर की है।
नगर के हीराकालोनी निवासी चंद्रवीर सिंह पुत्र डालचंद ने बताया कि सोशल नेटवर्किंग के माध्यम से वह एलबेज कंपनी के संपर्क में आया था। कंपनी ने मेंबरशिप के नाम पर उससे तीन बार में 1.72 लाख रुपये अपने खाते में जमा कराए। बदले में विभिन्न कंपनियों के प्रोडेक्ट पर लाइक करने पर उन्हें कंपनी द्वारा निर्धारित राशि उसके खाते में ट्रांसफर करने का आश्वासन दिया गया।
डालचंद ने बताया कि रुपये जमा करने के बाद उसके खाते में कंपनी ने कोई राशि जमा नहीं कराई। कोतवाल जितेंद्र कुमार ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर एलबेज के निदेशक अनुभव मित्तल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।