कोतवाली देहात की ठंडी प्याऊ चौकी क्षेत्र में ढाबे पर पुलिस की वर्दी में आए बदमाशों ने ढाबा मालिक और उसकी पत्नी को बंधक बनाकर डकैती डाली। आठ-10 बदमाशों ने ढाबे पर खाना खा रहे लोगों से नगदी और मोबाइल लूट लिया। वहां एक कार पर बदमाशों ने फायरिंग भी की, लेकिन चालक कार लेकर भाग निकला।
पीड़ित ने चौकी पर तहरीर दी तो पुलिस ने उसे धमकी देकर भगा दिया। सलेमपुर थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव निवासी सोनू पुत्र महेंद्र ने बताया कि वह नैथला गांव के पास सोनू नाम से ढाबा चलाता है। ढाबे पर पत्नी राजकुमारी और तीन-चार कारीगर काम करते हैं।
बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे वह अपनी पत्नी और कारीगरों के साथ ढाबे पर ही था। ढाबे पर तीन लोग खाना खा रहे थे। तभी पुलिस की वर्दी में आए दो लोगों ने खुद को सीबीआई राजस्थान का अधिकारी बताया। तभी आठ-10 लोग हथियार लेकर आ धमके।
वर्दीधारियों ने सोनू पर अवैध शराब बेचने का आरोप लगाया और अंदर कमरे में शराब चेक करने के बहाने दोनों को ले गया। पीछे से कारीगर नानक चंद को भी बुला लिया। बदमाशों ने तीनों को कमरे में बंधक बना लिया।
इसके बाद लुटेरों ने ढाबे पर खाना खा रहे तीनों लोगों से क्रमश: 19 हजार, 30 हजार रुपये, मोबाइल और तीसरे से 15 हजार रुपये व ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिये। उन्होंने ढाबे के गल्ले में रखे करीब सात हजार रुपये भी निकाल लिए। सोनू ने बताया कि बदमाशों ने पत्नी राजकुमारी के कुंडल लूट लिए। विरोध करने पर उसका पैर तोड़ दिया।
सोनू ने बताया कि वारदात के समय एक कार चालक ने ढाबे पर रुकने के लिए कार धीमी की तो बदमाशों को देखकर उसने कार की स्पीड बढ़ा दी। बदमाशों ने उसकी कार पर फायरिंग की, लेकिन चालक कार लेकर भागने में कामयाब रहा।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह चौकी पर शुक्रवार सुबह तहरीर लेकर पहुंचा तो पुलिस ने ढाबा बंद करने की धमकी देकर भगा दिया। ठंडी प्याऊ चौकी प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।