जहांगीराबाद के उर्स शरीफ दरगाह के सज्जादानशीं गुलाम सूफी दस्तगीर की कब्र की जगह को लेकर विवाद हो गया। दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति ने जगह को होलिका दहन व नगरपालिका की जगह बताकर पुलिस में शिकायत कर दी।
एसडीएम ने जब जांच कराई तो जगह नगरपालिका की नहीं थी। मंगलवार देर शाम शांतिपूर्वक माहौल में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।नगर में लगने वाले उर्स शरीफ दरगाह के सज्जादानशीं गुलाम सूफी दस्तगीर का सोमवार दोपहर दिल्ली में इंतकाल हो गया था।
मंगलवार दोपहर शव को दफनाने का काम शुरू हुआ। इस दौरान अचानक दूसरे समुदाय का एक व्यक्ति कोतवाली पहुंचा और कब्र की जगह को होलिका दहन व नगरपालिका की भूमि बताकर शिकायत की। सूचना पर एसडीएम अनूपशहर भैरपाल सिंह भी पहुंच गए।
देर शाम तक भूमि को लेकर विवाद चलता रहा। एसडीएम ने जब नगरपालिका से जांच कराई तो पता चला कि भूमि नगर पालिका की नहीं है। इसके बाद देर शाम शंातिपूर्वक सूफी दस्तगीर को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। वक्फ नंबर दस की इंतजामिया कमेटी के सेक्रेटरी मोहम्मद यूसुफ ने बताया कि शिकायतकर्ता का उद्देश्य सिर्फ भावनाओं को ठेस पहुंचाना है।