शांति स्वरूप शर्मा (फाइल फोटो)
- फोटो : ब्यूरो
बाइक पर आए तीन तीन बदमाशों ने नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुशीला विहार में रहने वाले कांग्रेसी नेता एवं राजीव गांधी पंचायती राज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शांति स्वरूप शर्मा की शनिवार रात ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी।
तीन बदमाशों ने मिठाई देने के बहाने दरवाजा खुलवाया। दो बदमाश अंदर घुस गए। दोनों बदमाश शांतिस्वरूप शर्मा को शुभकामनाएं दे रहे थे तभी तीसरा बदमाश नकाब पहनकर अंदर घुसा और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। शांतिस्वरूप शर्मा पांच-छह गोली लगते ही जमीन पर गिर गए।
बदमाश हवा में फायरिंग करते हुए बाइक पर बैठकर भाग गए। परिजन और पड़ोसियों ने मिलकर उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी, सीओ सिटी और भारी पुलिसबल मौके पर पहुंच गया।
शांतिस्वरूप शर्मा की हत्या के बाद कांग्रेसी उनके घर पहुंचने लगे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि शांतिस्वरूप शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
बदमाशों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी ने कहा कि जिला पुलिस और प्रशासन से शांति स्वरूप शर्मा के हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जाएगी।