हाईवे गैंगरेप कांड की जांच कर रही सीबीआई टीम बुधवार को कोर्ट में पेश नहीं हुई। सीबीआई टीम को रिमांड के दौरान आरोपियों से बरामद माल को बुधवार को कोर्ट में पेश करना था। अब माना जा रहा है कि न्यायिक हिरासत बढ़ाने के लिए छह सितंबर को होने वाली सुनवाई के दौरान सीबीआई बरामद माल कोर्ट में पेश करेगी।
वहीं, शुरुआत में जेल गए रईस, शाबेज और जबर सिंह की 26 अगस्त को न्यायिक हिरासत समाप्त हो रही है। उधर, सूत्रों के अनुसार तीनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ सकती है। 29 जुलाई की रात हाईवे पर मां-बेटी के साथ हुए गैंगरेप मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम ने पुलिस द्वारा नौ अगस्त को जेल भेजे गए सलीम, जुबेर उर्फ परवेज और साजिद को 19 अगस्त की रात तीन दिन की रिमांड पर लिया था।
रिमांड पर तीनों की निशानदेही पर मंगलसूत्र, अंगूठी और चप्पल बरामद हुई थी। मंगलवार दोपहर कोर्ट ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। आरोपी पक्ष की अधिवक्ता मंजू शर्मा ने मांग की थी कि बुधवार को सीबीआई टीम बरामद माल को न्यायालय में पेश करे।
मंजू शर्मा ने बताया कि बुधवार को सीबीआई टीम बरामद माल लेकर कोर्ट नहीं आई। अब माना जा रहा है कि सीबीआई टीम छह सितंबर को बरामद माल लेकर कोर्ट आएगी।
गाजियाबाद की जगह नोएडा में दिए जाएं फ्लैट
बुलंदशहर हाईवे गैंगरेप पीड़ित परिवार ने गाजियाबाद की जगह नोएडा में फ्लैट देने की मांग की है। पीड़िता के पिता ने यह मांग करते हुए डीएम गाजियाबाद को पत्र लिखा है। पिता का कहना है कि गाजियाबाद में रहते हुए उनकी पहचान छिपी नहीं रह सकती, जिसके चलते वह नोएडा में रहना चाहते हैं।
पीड़िता के पिता ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से उनसे कोई संपर्क नहीं किया गया है। हालांकि मुआवजे के चेक उन्हें दे दिए गए हैं। पिता ने बताया कि प्रशासन ने यह भी आश्वासन दिया था कि बेटी का स्कूल बदलवाने के साथ ही उसकी पढ़ाई का जिम्मा भी प्रशासन उठाएगा। मगर आश्वासन देकर प्रशासनिक अधिकारी भूल गए हैं।