ग्राम श्योरामपुर में चोरों ने बंद दुकान से सामान उड़ाने का अजब तरीका अपनाया। पता पूछने के लिए एक घर से बच्चे को साथ लिया और रास्ते में मिठाई खिलाकर दो सौ रुपये का लालच दिया। फिर बच्चे को रस्सी के सहारे दुकान में उतार दिया। संयोग से तभी दुकान का मालिक पहुंच गया जिसे देख चोर भाग निकले। बच्चा को बाहर निकालकर पूछताछ की गई तो सारा मामला खुला।
बच्चे ने चोरों के नाम भी बताए हैं। गांव निवासी किशन सिंह सोमवार रात आठ बजे खेतों से अपने घर आ रहा था। रास्ते में उसने देखा कि उसकी दुकान से तोड़ फोड़ की आवाज आ रही है वह दौड़ कर वहां पहुंचा तो दो युवक उसके जीने से उतर कर मथुरा नांगल गांव की ओर भाग रहे थे।
दुकान की दीवार कटी थी दुकान में एक बच्चा रस्सी खींच लेने को आवाज लगा रहा था। किशन के शोर मचाने पर पड़ोसी भी आ गए। दुकान में गांव का आठ वर्षीय लवकुश था। पूछताछ करने पर लवकुश ने बताया कि दो साथी राजे सिंह के घर का पता पूछ रहे थे।
मेरी मां ने उनका घर बताने को मुझे उनके साथ भेजा था रास्ते में इन्होंने मुझे मिठाई दी और दो सौ रुपये देने की बात कहकर मुझे दुकान में रस्सी से उतार दिया कहा इसमें सामान बांधते रहो हम खींच लेंगे। ग्रामीणों ने उसकी मां से जाकर जानकारी ली तो उसने भी यही बताया तो लवकुश को छोड़ दिया गया। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि भाग रहे युवकों को उन्होंने देखा था वो मथुरा नांगल के रहने वाले हैं।
कार का शीशा तोड़कर की चोरी
नगर कोतवाली क्षेत्र में घर के बाहर खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया गया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सुशीला विहार द्वितीय निवासी नरेंद्र कुमार पुत्र दीपचंद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 फरवरी की दोपहर वह गुड़गांव से अपने घर मारुति ऑल्टो से वोट डालने के लिए आया था।
वोट डालने के बाद रात में घर के दरवाजे पर कार को खड़ा कर दिया था। 12 फरवरी की सुबह देखा तो कार का एक शीशा टूटा हुआ था। कार से एक बेस ट्यूबवेल जेबीएल, दो स्पीकर सोनी, डैक सोनी, गाड़ी की नई स्टैपनी, गाड़ी की फुल टूल किट और जैक चोरी हो गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हुए चोर
नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक बारात घर के बाहर से बाइक चोरी करते दो चोरों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव दोस्तपुर निवासी संजय सिंह पुत्र ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार रात करीब 8.30 बजे अपनी बाइक बारात घर के बाहर खड़ी की थी।
इसके बाद वह अंदर चले गए थे। लौटकर आए तो बाइक चोरी हो गई थी। जब उन्होंने बारात घर के सीसीटीवी की वीडियो देखी तो दो चोर बाइक को ले जा रहे थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है।