स्याना कोतवाली पुलिस ने गुड़ से भरा कैंटर लूट का प्रयास करने वाले लग्जरी कार सवार तीन आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास से लग्जरी कार भी बरामद की गई है।
एसपी सिटी मान सिंह चौहान ने बताया कि 10 नवंबर 2016 को कैंटर चालक मुन्नू सिंह पुत्र बरत सिंह निवासी रसूलपुर थाना बाबूगढ़ छावनी, हापुड़ अपने हेल्पर यशपाल के साथ कैंटर गाडी नं. यूपी-37पी-2770 में गुड़ भरकर स्याना से आगरा के लिए चले थे।
रात करीब 11.30 बजे थाना स्याना क्षेत्र के गांव बरौली के पास एक सफेद रंग की लग्जरी कार नं. यूपी-13एएफ-7684 में सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने ओवरटेक कर कैंटर रुकवा लिया।
बदमाशों ने चालक मुन्नू सिंह के साथ मारपीट की और कैंटर लूटने की कोशिश की।
तभी बैंकों की रूटीन चेकिंग से लौट रहे थाना स्याना पर तैनात कांस्टेबल रविंद्र सिंह व राजवीर सिंह पहुंच गए और तीनों बदमाशों को पकड़ लिया। जिनकी पहचान आकाश पुत्र बृजपाल निवासी मौसमगढ़ थाना कोतवाली देहात, राजू पुत्र प्रेमपाल निवासी छिपियाना थाना बिसरख जनपद गौतमबुद्धनगर और कृष्ण पुत्र महाराज सिंह हाल निवासी आवास विकास थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई।
इस संबंध में गाड़ी मालिक रविंद्र पुत्र मित्रपाल निवासी गांव अलीपुर थाना बहादुरगढ़ जनपद हापुड़ की तहरीर के आधार पर स्याना कोतवाली में लूट के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी सिटी ने बताया कि तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।