गांव कुरली निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) राकेश सोलंकी (40) का शव शनिवार तड़के रजवाहे के किनारे एक खेत में मिला। उसके पैरों के नाखून गायब थे लेकिन शरीर पर चोट या घाव का कोई निशान नहीं था। मौत की वजह जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उसके भाई सुंदर सिंह ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। वहीं पुलिस इसे हादसा मान रही है। सूचना पर एसपी सिटी मान सिंह चौहान और सीओ यशवीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और जांच के आदेश दिए। देर शाम पुलिस बीडीसी सदस्य के दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
गांव कुरली निवासी राकेश सोलंकी पुत्र गजेंद्र सिंह अविवाहित था तथा पहली बार ही चुनाव लड़ा और बीडीसी सदस्य बना था। वह शराब पीने का आदी था। शुक्रवार सुबह अपने एक दोस्त के साथ देखा गया था। उसके बाद वह घर नहीं लौटा। शनिवास सुबह उसका शव लोगों ने रजवाहे के पास खेत में पड़ा देखा।
उसके पैरों के नाखून नहीं थे। इस कारण परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार उसकी किसी से भी रंजिश नहीं थी। वहीं पुलिस का अनुमान है कि राकेश की मौत किसी हादसे में हुई है क्योंकि उसके शरीर पर चोट का कोई निशान तक नहीं है।
पैरों में नाखून नहीं होने से अनुमान है कि उसका शव घसीटकर लाया गया जिससे नाखून उखड़ गए। खेत में राकेश के शव मिलने सूचना मिलने पर ग्र्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। देर शाम पुलिस ने राकेश के उस दोस्त को हिरासत में ले लिया जिसके साथ आखिरी बार राकेश देखा गया था। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।