खड़ी कैंटर में ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, परिचालक की मौत
सिकंदराबाद। हाइवे-91 पर ग्राम लालपुर में खड़ी कैंटर में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में परिचालक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर घायल हो गए। मृतक के परिजनों ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला रोगनग्रान जहांगीराबाद जनपद बुलंदशहर निवासी श्योराज सिंह पुत्र राजपाल सिंह ने बताया कि उसका भतीजा रविंद्र पुत्र जंगल सिंह कैंटर गाड़ी पर परिचालक था। शनिवार को वह जनपद करनाल हरियाणा से कैंटर में बजरी लेकर जहांगीराबाद लौट रहा था। बताया कि सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव लालपुर में हाइवे-91 पर रात में अचानक गाड़ी का टायर पंचर हो गया। रविंद्र मोहल्ला निवासी सुमित पुत्र हरिओम, कन्हैया पुत्र राजू गिरी के साथ टायर बदलने लगा। करीब 12.40 बजे दादरी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने लापरवाही से ट्रक चलाते हुए कैंटर में पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह तीनों घायल हो गए। पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सिकंदराबाद में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। सुमित, कन्हैया गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने बताया कि मृतक के चाचा की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।