एलटी लाइन के तारों के स्पार्किंग से निकली चिंगारी से दर्जनभर किसानों की गेहूं और ईंख की करीब 90 बीघे फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने घंटों की कड़ी मसक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। एसडीएम समेत प्रशासन के अधिकारियों ने पहुंच कर मौका मुआयना किया।
राजगढ़ी गांव में किसानों के खेतों के ऊपर से एलटी लाइन का तार गुजर रहा है। मंगलवार शाम करीब तीन बजे तेज हवा चलने के कारण एलटी लाइन के तार आपस में टकराने से निकली चिंगारी फसल पर जा गिरी। इसके चलते फसल में आग लग गई। आग लगने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया।
हवा तेज होने के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बाद में ग्रामीणों ने दमकल कर्मियों को फोन कर जानकारी दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़िया ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुबे सिंह की 10 बीघे, देवेंद्र की 5 बीघे, ओमकार की 7 बीघे, महावीर की 2 बीघे, उमेश की 8 बीघे फसल जलकर राख हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर तारों को बदलने के लिए कई बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन पावर कारपोरेशन के अफसर सुनने को तैयार नहीं हैं। इसके चलते ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। वहीं, खुर्जा क्षेत्र के भिंडौर गांव में किसान महेंद्र, सुशीला और घनश्याम की 16 बीघे गेहूं की फसल पककर तैयार थी।
अचानक फसलों से आग की लपटें निकलते देख ग्रामीण दौड़े। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। किसानों ने ट्यूबवेल आदि चलाकर किसी तरह दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना से किसानों को करीब एक लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। उधर, आग लगने की सूचना पर एसडीएम राहुल कुमार, लेखपाल आदि पहुंच गए। पीड़ित किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।