गूगल पे के माध्यम से शातिर ने ठगे 80 हजार
बुलंदशहर। पंखे खरीदने के बहाने एक शातिर ने व्यापारी को अस्सी हजार रुपये का चूना लगा दिया। शातिर ने गूगल पे के माध्यम से अपराध को अंजाम दिया। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर एसएसपी ने साइबर सेल को जांच सौंप दी है।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र निवासी ललित वर्मा की पुख्ता बाजार में बिजली की दुकान है। उन्होंने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि बीते 26 अप्रैल को उनके पास एक व्यक्ति की काल आई थी। उक्त व्यक्ति ने दस पंखे खरीदने की बात कही और शातिर ने गूगल पे के माध्यम से व्यापारी के खाते में पैसे डालने की बात कही थी। साथ ही आरोपी ने व्यापारी को यह भी बताया था कि पेमेंट होने के बाद उसका छोटा भाई दुकान से पंखे ले जाएगा। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि आरोपी ने गूगल पे के माध्यम से आरोपी का अकाउंट नंबर ले लिया। साथ ही व्यापारी के खाते से छह बार में 49500 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। लेकिन, व्यापारी को इस बाबत जानकारी नहीं हुई। पीड़ित ने बताया कि कुछ देर बाद आरोपी की फिर कॉल आई और बताया कि उनके खाते में पैसे ट्रांसफर नहीं हो रहे हैं। कोई दूसरा अकांउट नंबर बता दीजिए। इसके बाद पीड़ित ने अपने एक दोस्त का अकाउंट नंबर आरोपी को दे दिया। आरोपी ने उक्त अकांउट से भी तीस हजार रुपये निकाल लिए। जानकारी होने पर पीड़ित व उसके दोस्त ने थाना पुलिस से शिकायत की। लेकिन, कोेई कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने एसएसपी से गुहार लगाई है। एसएसपी ने थाना पुलिस व साइबर ब्रांच को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। ब्यूरो