बाइक सवार युवक को गन्ने से लदे ट्रक ने रौंदा
बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र में स्याना रोड स्थित रामा डेयरी के पास बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को परिजनों को सौंप दिया। साथ ही आरोपी ट्रक चालक को ट्रक के साथ दबोच लिया। आरोपी ट्रक चालक शराब के नशे में बताया जा रहा है।
क्षेत्र के गांव मैथना निवासी जोगिंदर सिंह पुत्र कुंवरपाल बृहस्पतिवार को किसी काम से बुलंदशहर अपनी बाइक से गया था। देर रात वह बाइक से ही गांव लौट रहा था। स्याना रोड पर रामा डेयरी के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में जोगिंदर की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों व राहगीरों ने आरोपी ट्रक चालक को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया। साथ ही आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। नई मंडी चौकी इंचार्ज नवीन भाटी ने बताया कि ट्रक में गन्ने लदे हुए थे। आरोपी ट्रक चालक नशे में धुत था। आरोपी का मेडिकल कराया गया है। साथ ही तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।