अलग-अलग स्थानों पर महिला और युवक ने खाया जहर
बुलंदशहर। नगर व देहात कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में एक महिला व एक युवक ने जहर खा लिया। महिला को गंभीरावस्था में हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है, जबकि निजी अस्पताल से उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया गया है। पुलिस दोनों ही मामलों की जानकारी होने से इंकार कर रही है।
पहला मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शास्त्रीनगर का बताया जा रहा है। मोहल्ला निवासी महिला की शादी दो वर्ष पूर्व ही हुई थी। उसका पति शराब का सेवन करता है। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि वह आए दिन शराब पीकर घर में झगड़ा-फसाद करता है। सोमवार देर रात को भी आरोपी पति शराब पीकर घर आया था, उसने आते ही पत्नी के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी, जिससे क्षुब्ध होकर महिला अपने कमरे में चली और जहर खा लिया। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजनों को इस बाबत जानकारी हुई, परिजनों ने उसे नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया।
वहीं, दूसरा मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का अपने भाई से सोमवार देर रात को किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। भाई से लड़ाई के बाद क्षुब्ध युवक ने अपने कमरे में जाकर जहर खा लिया। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई। परिजनों ने युवक को नगर के दिल्ली रोड स्थित एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया। बताया गया कि युवक ने भाई से लड़ाई के बाद शराब के नशे में जहर खाया था। फिलहाल उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। वहीं नगर व देहात कोतवाली पुलिस दोनों ही मामलों की जानकारी होने से इंकार कर रही है।