सात लाख रुपये की अवैध शराब के साथ दो शातिर गिरफ्तार
बुलंदशहर। नगर कोतवाली पुलिस ने रविवार सुबह शिकारपुर रोड स्थित काली नदी पुल से मैक्स ट्रक व एक कार में लदी गैर प्रांत की अवैध शराब बरामद की है। जिसकी कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी जा रही है। इस दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपी तस्करों को भी दबोचा है, आरोपियों का एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा।
एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार सुबह नगर कोतवाली में तैनात एसएसआई सत्यवीर सिंह टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने उन्हें सूचना दी कि एक मैक्स ट्रक व एक कार में गैर प्रांत की अवैध शराब की तस्करी कर शिकारपुर की ओर से लाई जाने वाली है। सूचना मिलते ही एसएसआई ने टीम के साथ काली नदी पुल पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने एक मैक्स ट्रक व कार को आता देख रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही मैक्स ट्रक व कार सवार तीन लोग वाहनों को छोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। लेकिन, पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को कुछ दूरी पर ही दबोच लिया। जबकि, आरोपियों का एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए आरोपियों की शिनाख्त रवि निवासी जखौदा थाना बहादुरगढ़ व विजय निवासी सरूपगढ़ थाना भिवानी के रूप में हुई। मैक्स ट्रक व कार की तलाशी के दौरान गैर प्रांत की 171 पेटी अवैध शराब बरामद हुई। जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी जा रही है। आरोपियों ने पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए गाड़ियों के शीशों पर पुलिस के स्टीकर लगाए हुए थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी चुनाव के दौरान इस शराब को क्षेत्र में खपाने की फिराक में थे।